Chandigarh Daily 24°C Clear AQI 62 Nifty 23,063.10 -1.64% Sensex 73,580.54 -1.67% Bank Nifty 55,438.50 -1.96% USD-INR 95.95 +0.00% Gold ₹/10g ₹133,459 +0.66% Silver ₹/kg ₹198,901 +0.75% Crude \$ 93.40 -1.28% India A 199/10 & 334/10 v Australia A 171/10 & 55/2 *ISTLive

अमृतसर- बाप ने बेटी की हत्या कर शव दफनाया:मां को फोन पर बताया था- पापा गड्ढा खोद रहे, 3 फीट नीचे मिली लाश

अमृतसर में पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के पीछे 3 फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया। बेटी ने मां को फोन पर पिता के गड्‌ढा खोदने की बात बताई थी। इसके बाद मां का बेटी से संपर्क नहीं हो सका। शक होने पर मां ने बुधवार को पुलिस बुलाई। जब पुलिस ने JCB से खुदवाई करवाई तो युवती का शव मिला। युवती की पहचान नवनीत कौर (19) के रूप में हुई है। युवती की मां सरबजीत कौर के बयान के आधार पर पुलिस ने पिता पर मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी पिता फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मां बोली- बेटी पर शक करता था पति
सरबजीत कौर के अनुसार, उनकी एक बेटी ने करीब आठ महीने पहले भागकर शादी कर ली थी। इसी बात को लेकर परिवार में अकसर झगड़ा होता था। पति को अपनी दूसरी बेटी पर भी शक था कि उसका भी किसी के साथ कोई रिलेशन है। मां ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते वह 25 अगस्त को अपने मायके चली गई थी। पति अकसर उसे धमकाता था और घर से चले जाने के लिए कहता था। बेटी ने गड्‌ढा खोदने की बात बताई थी
महिला ने बताया कि 31 अगस्त को बेटी नवनीत ने उन्हें फोन किया था और बताया था कि पिता घर के बाहर एक गड्ढा खोद रहे हैं। इसके बाद उसकी बेटी से दोबारा बात नहीं हो सकी। सरबजीत ने बताया कि जब पति को बेटी के बार में पूछा तो उसने अलग-अलग बातें बताईं और कहा कि उसने बेटी को छह महीने के लिए कहीं भेज दिया है। नई मिट्टी देखकर गहराया शक
महिला ने बताया कि जब बेटी से बात कराने और उसकी आवाज सुनाने के लिए कहा तो भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसे शक हुआ। महिला ने बताया कि बुधवार को वह उस जगह पहुंची, जहां बेटी ने फोन पर गड्ढा खोदे जाने की बात बताई थी। वहां नई मिट्टी दिखाई देने पर शक और गहरा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई की गई, जहां से नवनीत कौर का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
मत्तेवाल थाना के एसएचओ दलजीत सिंह ने बताया कि सरबजीत कौर ने बयान दिया है कि उनकी बेटी को उसके पिता ने एक-दो दिन पहले मारकर गड्ढे में दबा दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या के पीछे के असली कारणों का खुलासा गहन जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद होगा।