अमृतसर देहात पुलिस ने पांच किलो हेरोइन और 15 पिस्तौल समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह मॉड्यूल पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी जाने वाली नशे और हथियारों की खेप हासिल कर आगे सप्लाई करने का काम करता था। आईजी बॉर्डर रेंज अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से नशे और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक (24) निवासी गांव रोड़ांवाली और शुभप्रीत सिंह उर्फ शुभ (28) के रूप में हुई है। पुलिस जांच के अनुसार, दीपक वेल्डिंग का काम करता था, जबकि शुभप्रीत सिंह अमृतसर के हॉल गेट इलाके में मोबाइल रिपेयर की दुकान चलाता था। पुलिस का दावा है कि सामान्य कामकाज की आड़ में दोनों आरोपी पिछले करीब 5 से 6 महीनों से इस अवैध नेटवर्क से जुड़े हुए थे। पाकिस्तान में बैठे तस्करों से संपर्क पुलिस के मुताबिक, दीपक के कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे तस्करों से संपर्क थे। सीमा पार से ड्रोन के जरिए जब नशे या हथियारों की खेप भेजी जाती थी, तो लोकेशन के हिसाब से उसे खेप उठाने के लिए पैसे दिए जाते थे। इसके बाद आगे नशे और हथियारों की सप्लाई की जिम्मेदारी शुभप्रीत सिंह की बताई जा रही है। उत्तरी अमेरिका बैठे हैंडलर से जुड़े तार जांच में इस नेटवर्क के तार उत्तरी अमेरिका में बैठे एक विदेशी हैंडलर से जुड़े होने की बात भी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। आईजी भुल्लर के अनुसार, दोनों आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। इस कार्रवाई में एसपीडी रमणदीप सिंह, डीएसपी यादविंदर सिंह और थाना घरिंडा के एसएचओ अमनदीप सिंह की टीम की अहम भूमिका रही। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए हैं और पाकिस्तान से आने वाली खेप को आगे किन-किन जगहों पर सप्लाई किया जाता था।
अमृतसर में तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश:5 किलो हेरोइन और 15 पिस्तौल बरामद; 2 आरोपी गिरफ्तार, पाकिस्तान से आती थी खेप