अमृतसर में बाढ़ से हुए नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का गुस्सा अब दफ्तरों तक पहुंच गया है। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां की ओर से अमृतसर के DC कार्यालय के बाहर लगाए गए पक्के मोर्चे के दौरान आज किसानों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए DC कार्यालय का पूर्ण घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान DC कार्यालय की ओर बढ़े। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की हुई थी। जैसे ही किसानों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। धक्का-मुक्की में किसानों की पगड़ी उतरी किसानों ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेडिंग को हटाते हुए DC कार्यालय परिसर के अंदर प्रवेश कर लिया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच काफी देर तक तकरार चलती रही। धक्का-मुक्की के दौरान एक किसान की पगड़ी भी उतर गई, जिसके बाद मौके पर स्थिति और गरमा गई। किसान नेताओं का कहना है कि हाल ही में आई बाढ़ ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। कई इलाकों में खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हुई हैं, जबकि लोगों की जमीन और अन्य संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। किसानों की मांग है कि सरकार बाढ़ प्रभावित किसानों और आम लोगों के नुकसान का जल्द से जल्द उचित मुआवजा जारी करे। सरकार पर अनदेखी का आरोप, संघर्ष जारी रखने का ऐलान किसान नेताओं ने सरकार पर आरोप लगाया कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद उनकी समस्याओं का गंभीरता से समाधान नहीं किया जा रहा। उनका कहना है कि जब तक बाढ़ प्रभावित लोगों को पर्याप्त मुआवजा नहीं मिलता और उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
अमृतसर DC दफ्तर घेरने पहुंचे किसानों की पुलिस से धक्कामुक्की:बाढ़ से नुकसान का मुआवजा नहीं मिलने पर प्रदर्शन; एक किसान की पगड़ी उतरी