कैथल में नगर परिषद प्रशासन की ओर से शहर में सफाई का कार्य प्रभावित करने वाले पे रोल के कर्मचारियों को टर्मिनेट करने और एक पक्के कर्मचारी को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए गए हैं। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी की ओर से कर्मचारियों को ये आदेश दिए गए हैं। आदेशों में पे रोल के छह कर्मचारियों को टर्मिनेट किया गया है और एक दरोगा को सस्पेंड किया गया है। आरोप है कि ये कर्मचारी बिना कारण बताए हड़ताल में शामिल हुए और ड्यूटी से गैर हाजिर रहे। जब इन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, तो कोई जवाब नहीं दिया। जब प्रशासन की ओर से अपने स्तर पर सफाई का कार्य करवाया जा रहा था, तो इन कर्मचारियों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। नगर परिषद के ईओ संदीप सोलंकी ने बताया कि इस संबंध में दो सितंबर को कर्मचारियों के खिलाफ सिविल लाइन थाना में केस भी दर्ज किया गया था। अब विभागीय कार्रवाई करते हुए कर्मचारियों को टर्मिनेट करने और सस्पेंड करने के आदेश जारी किए गए हैं। कर्मचारियों ने बढ़ाई हड़ताल दूसरी ओर नगर पालिका कर्मचारी संघ से जुड़े सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीन दिन और बढ़ गई। कर्मचारियों ने नौ सितंबर पर हड़ताल पर रहने की बात कही है। ऐसे में शहर में सफाई का कार्य नहीं हो रहा है। सड़कों पर कचरा फैला हुआ है और बड़े बड़े ढेर लगे हुए हैं। कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय में प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हर जगह सड़कों पर फैला कचरा कुछ दिनों तक तो प्रशासन की ओर से अपने स्तर पर शहर में सफाई का कार्य करवाया, लेकिन अब वह भी बंद हो गया है। ऐसे में हर दिन हालात और ज्यादा खराब हो रहे हैं। रेलवे गेट, डोगरा गेट, माता गेट, कमेटी चौक, पुराना बस स्टैंड, ढांड रोड, अंबाला रोड और छात्रावास रोड पर कचरे के बड़े बड़े ढेर लगे हुए हैं। मांगें पूरी होने तक हड़ताल रहेगी जारी नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य मुख्य संगठन कर्ता, एसकेएस के जिला सचिव शिवचरण और सचिव विक्की टांक का कहना है कि नगर पालिका व फायर के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर लम्बी हड़ताल की थी। मुख्य मांगों के परिपत्र नहीं किए जारी उसके बाद 13 मई को हरियाणा भवन चंडीगढ़ में विभागीय मंत्री विपुल गोयल और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव आर के खुल्लर की अगुवाई में अन्य अधिकारियों ने संघ की राज्य कमेटी के साथ लगभग 6 घंटे मीटिंग की और मांग पत्र में सभी मांगों को मानकर 20 जून तक परिपत्र जारी करने का ठोस आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक मुख्य मांगों के परिपत्र जारी नहीं किए। वादों से पीछे हट रही भाजपा सरकार उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने वादों से पीछे हट कर वादा खिलाफी कर रही है। अपने 12 साल के कार्यकाल में आज तक एक भी सफाई, सीवर और फायर के कर्मचारी पक्का नहीं किया, जिससे भाजपा सरकार की दलित विरोधी मानसिकता साफ तौर पर झलकती है। कर्मचारी इन्हीं मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
कैथल में 6 पे रोल कर्मचारी टर्मिनेट और दरोगा सस्पेंड:नोटिस का जवाब नहीं दिया, ड्यूटी से रहे गैरहाजिर; सड़कों पर कूड़े के ढेर
Editorial Attribution: Originally reported by हरियाणा | दैनिक भास्कर. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.