Chandigarh Daily 25°C Clear AQI 70 Nifty 22,776.10 +0.98% Sensex 73,067.81 +0.95% Bank Nifty 55,128.40 +0.76% USD-INR 96.42 +0.12% Gold ₹/10g ₹130,375 +1.18% Silver ₹/kg ₹191,578 +0.82% Crude \$ 86.89 -2.84% India Under-19s 315/10 v Australia Under-19s 174/10 & 86/4 *ISTLive

गुरुग्राम के पॉश इलाकों में फिर चला बुलडोजर:स्टिल्ट पार्किंग-बेसमेंट में बने अवैध कमरे और दुकानें तोड़ी; DTP बोले- पहले नोटिस दिए थे

गुरुग्राम के पॉश कॉलोनी सुशांत लोक-1 में मंगलवार को जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन (DTPE) की टीम ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। टीम भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची। अभियान का नेतृत्व डीटीपीई अमित मधोलिया कर रहे हैं। कार्रवाई की सूचना के बाद इलाके में अवैध निर्माण करने वाले मकान मालिकों और अन्य संबंधित लोगों में हलचल है। विभाग की कार्रवाई उन आवासीय इमारतों पर केंद्रित है, जहां स्वीकृत नियमों का उल्लंघन कर स्टिल्ट पार्किंग और बेसमेंट में कमरे, दुकानें या अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए ढांचे बनाए गए हैं। विभाग का कहना है कि ऐसे निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पहले जारी किए गए थे नोटिस डीटीपीई अमित मधोलिया के अनुसार, कार्रवाई बिना सूचना के नहीं की जा रही है। हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत शहर की लाइसेंसी कॉलोनियों में अवैध निर्माण और नियमों के उल्लंघन का सर्वे कराया गया था। उल्लंघनकर्ताओं को अपने स्तर पर अवैध ढांचे हटाने और भवन को स्वीकृत नक्शे के अनुसार बहाल करने के लिए समय दिया गया था। निर्धारित अवधि में सुधार नहीं होने पर अब विभाग की ओर से तोड़फोड़ और सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। डेमोलिशन का खर्च भी संपत्ति मालिकों से वसूला जाएगा विभाग के मुताबिक, कार्रवाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी और अन्य प्रशासनिक खर्च की राशि संबंधित संपत्ति मालिकों से वसूली जाएगी। इसके लिए उल्लंघनकर्ताओं को डेमोलिशन कॉस्ट का नोटिस जारी किया जाएगा। अन्य पॉश कॉलोनियां भी रडार पर प्रशासन ने पार्किंग और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। सुशांत लोक-1 के बाद डीएलएफ, साउथ सिटी और ग्रीनवुड सिटी जैसी अन्य लाइसेंसी कॉलोनियों में भी नियमों के उल्लंघन की जांच और कार्रवाई की तैयारी है। विभाग के अनुसार जहां अवैध निर्माण या अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।