हरियाणा के सोनीपत में बुधवार को पति-पत्नी की लाश घर में मिली। पति का शव फंदे पर लटका हुआ था, जबकि पत्नी की लाश बेड के पास पड़ी थी। उसके गले में भी फंदा था। घटना कबीरपुर गांव की है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवा दिया। मृतकों की पहचान ऋतिक और सिमरन के रूप में हुई है। इन्होंने दो साल पहले लव मैरिज की थी। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दोनों के सुसाइड किए जाने की आशंका है। आन ही इनकी नई दुकान का उद्घाटन हुआ था। फिलहाल सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। कल इनका पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। घटना पर परिवार की 3 बातें… 1. आज ही दुकान का उद्घाटन हुआ परिवार के सदस्य हिमांशु ने बताया कि तेवड़ी गांव निवासी ऋतिक खुद की टैक्सी चलाता था। उसने ITI चौक के पास नई कनफेक्शनरी की दुकान खोली थी, जिसका आज ही उद्घाटन हुआ था। दुकान पर हवन भी कराया गया था। कई रिश्तेदार भी पहुंचे थे। हवन के बाद ऋतिक और सिमरन घर पर थे, जबकि ऋतिक के माता-पिता ड्यूटी पर गए थे। हिमांशु के मुताबिक, ऋतिक और सिमरन ने परिवार वालों के फोन नहीं उठाए। इसके बाद उन्हें घर जाकर चेक किया। दोनों ने पंखे के हुक से फंदा लगाया था। वजन की वजह से सिमरन का फंदा टूट गया और वह गिर गई। उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। 2. 17 मई 2024 को लव मैरिज की हिमांशु के मुताबिक, सिमरन राठधाना गांव की रहने वाली थी। ऋतिक और सिमरन ने 17 मई 2024 को परिवार के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी। शादी के बाद ये कबीरपुर गांव में आकर रहने लगे। इनकी कोई संतान नहीं थी। ऋतिक की एक बहन है, उसकी शादी हो चुकी है। माता-पिता ऋतिक के साथ ही रहते थे। 3. हवन के समय खुश दिख रहे थे ऋतिक के जीजा रोहित ने बताया कि हवन के दौरान ऋतिक और सिमरन बेहद खुश दिख रहे थे लेकिन इतना बड़ा कदम किस लिए उठाया, समझ नहीं आ रहा। ये एक-दूसरे को करीब 12 साल से जानते थे। इन्होंने साथ पढ़ाई की थी। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। SHO बोले- सुसाइड नोट नहीं मिला सदर थाना प्रभारी सुखबीर के मुताबिक मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। परिजनों ने कोई कारण नहीं बताया है।
नई दुकान के उद्घाटन के बाद कपल का सुसाइड:सोनीपत में पति फंदे, पत्नी जमीन पर पड़ी मिली; दो साल पहले लव मैरिज की थी