Chandigarh Daily 26°C Mainly clear AQI 74 Nifty 22,776.10 +0.98% Sensex 73,067.81 +0.95% Bank Nifty 55,128.40 +0.76% USD-INR 96.42 +0.12% Gold ₹/10g ₹130,258 +1.09% Silver ₹/kg ₹191,640 +0.85% Crude \$ 87.20 -2.49% India Under-19s 315/10 v Australia Under-19s 86/4 & 174/10 *ISTLive

नारनौल में कोचिंग सेंटर में कार्यरत महिला की मौत:कार ने बाइक को मारी टक्कर; राजस्थान की रहने वाली

महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में सदर थाना क्षेत्र स्थित फैजाबाद चौकी के अंतर्गत मित्रपुरा के पास शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के नीमराना थाना क्षेत्र के गांव बसई निवासी तथा वर्तमान में मित्रपुरा निवासी नवीन कुमार ने बताया कि वह बीते कल सुबह करीब 7:30 बजे अपनी पत्नी गुलशन को मोटरसाइकिल पर बैठाकर नारनौल छोड़ने जा रहा था। चपरासी के पद पर थी गुलशन नारनौल स्थित सीएलसी कोचिंग सेंटर में चपरासी के पद पर कार्यरत थी। जब वे मित्रपुरा गांव से आगे पहुंचे तो टाइल्स वाले रास्ते से एक युवती स्कूटी लेकर मुख्य सड़क पर आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही क्रीम रंग की एक अज्ञात कार ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को साइड से टक्कर मार दी। पति-पत्नी गिरे सड़क पर हादसे में दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर गए। नवीन ने बताया कि वह पत्नी को संभालने में लग गया, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। इसी दौरान डायल-112 की टीम वहां पहुंची और घायल महिला को सामान्य अस्पताल नारनौल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। नहीं था कोई बच्चा सूचना मिलने पर फैजाबाद पुलिस चौकी की टीम अस्पताल पहुंची और मृतका के पति के बयान दर्ज किए। शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतका के कोई बच्चा नहीं था।