Chandigarh Daily 27°C Clear AQI 78 Nifty 23,897.70 +0.10% Sensex 76,515.43 +0.48% Bank Nifty 57,369.65 -0.02% USD-INR 94.49 +0.02% Gold ₹/10g ₹135,996 -1.39% Silver ₹/kg ₹202,775 -1.41% Crude \$ 91.48 +0.20% India Women v Pakistan WomenISTLive

फरीदाबाद के 51 गांवों में विकसित होंगे 40 नए सेक्टर:11 हजार एकड़ जमीन पर होगा विस्तार; किसानों को मिलेंगे आवासीय और व्यावसायिक प्लॉट

फरीदाबाद के बढ़ते शहरी क्षेत्र को अब और विस्तार देने की तैयारी है। सरकार जिले के 51 गांवों की करीब 11 हजार एकड़ जमीन पर नए सेक्टर विकसित करने की योजना बना रही है। योजना पूरी होने पर शहर में करीब 40 नए सेक्टर जुड़ सकते हैं। इससे आने वाले समय में आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों के लिए नई जमीन उपलब्ध होगी। सरकार ने इस योजना के लिए किसानों से जमीन देने की पेशकश मांगी है। इच्छुक किसान ई-भूमि पोर्टल पर अपनी जमीन की जानकारी देकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए 31 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया गया है। सरकार किसानों से मिली पेशकश के आधार पर आगे की प्रक्रिया शुरू करेगी। 1 एकड़ जमीन पर प्लॉट का प्रावधान योजना के तहत जमीन देने वाले किसानों को बदले में विकसित क्षेत्र में प्लॉट देने का प्रावधान रखा गया है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के नियमों के अनुसार एक एकड़ जमीन देने वाले किसान को सेक्टर में 1 हजार वर्गगज का आवासीय प्लॉट और 90 वर्गगज का व्यावसायिक प्लॉट दिया जाएगा। इससे किसानों को उनकी जमीन के बदले विकसित क्षेत्र में हिस्सा मिलेगा।
बढ़ती आबादी के हिसाब से तैयार होगी नई प्लानिंग फरीदाबाद में आबादी बढ़ने के साथ आवास, सड़क, पानी, सीवर और दूसरी सुविधाओं की जरूरत भी बढ़ रही है। नए सेक्टर विकसित होने से शहर को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य नए इलाकों को मास्टर प्लान के तहत विकसित करना है, ताकि अनियोजित कॉलोनियों के बजाय व्यवस्थित शहरी क्षेत्र तैयार किए जा सकें। किसानों की सहमति से आगे बढ़ेगी प्रक्रिया संपदा अधिकारी विकास ढांडा के अनुसार, मास्टर प्लान के तहत शहर का दायरा बढ़ाने की तैयारी है। इसके लिए सबसे पहले जमीन उपलब्ध होना जरूरी है। सरकार की ओर से नोटिफिकेशन जारी कर किसानों से जमीन देने की पेशकश मांगी गई है। किसानों को योजना की जानकारी देकर आवेदन के लिए जागरूक भी किया जाएगा।