पंजाब सरकार ने प्रदेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘स्वच्छ पंजाब अभियान’ का दायरा बढ़ा दिया है। इसी कड़ी में मोगा जिले में अभियान की प्रगति और गतिविधियों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान, संबंधित विभागों के अधिकारियों ने डिप्टी कमिश्नर को अपने-अपने विभागों में चल रही स्वच्छता गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में सफाई व्यवस्था, कूड़े के सही प्रबंधन, सार्वजनिक जगहों की सफाई और कचरे को अलग-अलग करने जैसी गतिविधियों का जायजा लिया। लोगों की भागीदारी जरूरी डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ‘स्वच्छ पंजाब अभियान’ को सिर्फ सरकारी अभियान तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे जन आंदोलन बनाया जाए। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा माहौल बनाने के लिए सरकारी विभागों के साथ-साथ स्थानीय निकायों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों की सक्रिय भागीदारी बहुत जरूरी है। लोगों में सफाई के प्रति जागरूकता लाना मकसद डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पंजाब सरकार ने स्वच्छता को बड़े स्तर पर लागू करने के लिए अभियान का दायरा बढ़ाया है। इसका मुख्य मकसद लोगों में सफाई के प्रति जागरूकता लाना है। साथ ही, कूड़ा न फैलाने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने और अपने आसपास के इलाके को साफ रखने की आदत को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना है। सफाई गतिविधियों की लगातार निगरानी करने के निर्देश उन्होंने अधिकारियों को सफाई गतिविधियों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा जमा होने या सफाई व्यवस्था में कमी की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से काम करने और अभियान के तहत हो रहे कामों की प्रभावी निगरानी करने को भी कहा गया।
मोगा में स्वच्छता अभियान बनेगा जनआंदोलन:DC ने अफसरों के साथ की समीक्षा; कहा-लोगों की भागीदारी से जिला बनेगा स्वच्छ