यमुनानगर में भाजपा कार्यालय घेरने पहुंचे कांग्रेसी:बैरिकेड तोड़कर गेट तक पहुंचे, पुलिस से भिड़े; सांसद वरुण चौधरी समेत कई हिरासत में

कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के आह्वान पर बुधवार को यमुनानगर में सियासी माहौल गरमा गया। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया और अंबाला से कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा के कमल कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कार्यालय से पहले 2 जगह बैरिकेडिंग की थी, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और तीखी झड़प हुई। बाद में पुलिस ने सांसद वरुण चौधरी समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। भाजपा कार्यालय के मुख्य गेट तक पहुंचे कांग्रेसी प्रदर्शन को देखते हुए भाजपा कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का काफिला जैसे ही भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ा, पुलिस ने उन्हें बैरिकेड लगाकर रोक दिया। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। देखते ही देखते मौके पर पुलिस और कांग्रेसियों के बीच आमने-सामने की स्थिति बन गई। कई कार्यकर्ता बैरिकेड फांदकर आगे निकल गए और नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय के मुख्य गेट तक पहुंच गए। बैरिकेड पार कर भाजपा कार्यालय के गेट तक पहुंचे प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ता देख पुलिस ने भाजपा कार्यालय का मुख्य गेट बंद करवा दिया। इसके बाद सांसद वरुण चौधरी समेत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर ही धरने पर बैठ गए। कांग्रेसियों ने केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कुछ कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के अंदर जाने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान काफी देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं को हटाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। पुलिस और कांग्रेसियों के बीच एक बार फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पुलिस ने सांसद वरुण चौधरी सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। जिसके बाद कांग्रेसियों ने विरोध तेज कर दिया। जिसके बाद सांसद सहित अन्य नेताओं को छोड़ दिया। बेरोजगारी, महंगाई और नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरा प्रदर्शन के दौरान सांसद वरूण मुलाना ने बेरोजगारी, महंगाई, नशे के बढ़ते कारोबार और दलितों पर अत्याचार जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण युवा, किसान, मजदूर और आम जनता परेशान है। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी द्वारा दलितों के मुद्दे उठाए जाने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने का भी विरोध किया। यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि कांग्रेस लगातार युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम लोगों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई गंभीर समस्या बनी हुई है और नशे का कारोबार भी लगातार बढ़ रहा है। सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।