यमुनानगर शहर में आईटीआई के नजदीक स्थित शिव मंदिर परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर के प्रथम तल पर संचालित श्री कृष्णा श्रृंगार पैलेस में अचानक आग लग गई। जिस समय आग लगी, उस समय दुकान के नीचे बने सत्संग हॉल में करीब 8-10 महिलाएं कीर्तन कर रही थीं। अचानक धमाके की आवाज और धुआं उठता देखकर महिलाओं में हड़कंप मच गया और सभी जान बचाकर हॉल से बाहर निकल गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान से आग की लपटें बाहर निकलने लगीं। इसी दौरान दुकान के बाहर लगी एसी की आउटडोर यूनिट में भी जोरदार धमाका हुआ। लेंटर में आई दरार, नीचे टपकने लगा पानी आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग इतनी भीषण थी कि इसकी वजह से दुकान के ऊपर बने हिस्से के लेंटर में भी दरारें आ गईं। आग बुझाने के लिए फायर विभाग द्वारा डाला गया पानी भी छत से नीचे हॉल में टपकने लगा। गनीमत रही कि समय रहते कीर्तन कर रही सभी महिलाएं सुरक्षित बाहर निकल गईं और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। कान्हा जी की छठी के लिए जुटी थीं महिलाएं श्रद्धालु अनुराधा ने बताया कि बुधवार को मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की छठी बनाने के लिए महिलाएं एकत्रित हुई थीं। मंदिर परिसर में ही मंदिर कमेटी की ओर से श्री कृष्णा श्रृंगार पैलेस नाम से शोरूम संचालित किया जाता है। यहां भगवान श्रीकृष्ण की पोशाक, श्रृंगार का सामान और धार्मिक पुस्तकें आदि मिलती हैं। उन्होंने बताया कि शोरूम प्रथम तल पर है, जबकि उसके ठीक नीचे सत्संग हॉल बना हुआ है, जहां महिलाएं बैठकर कीर्तन कर रही थीं। हादसे से करीब 5 मिनट पहले उसकी बेटी भी ऊपर से कान्हा जी के लिए ड्रेस लेकर आई थी। इसके बाद महिलाओं ने 3 ही भजन गाए थे कि अचानक हॉल के पंखे बंद हो गए। इसी दौरान तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। अनुराधा के अनुसार, जब ऊपर जाकर देखा गया तो इन्वर्टर से चिंगारियां निकल रही थीं। कुछ ही देर में वहां धुआं फैलने लगा और आग तेजी से चारों तरफ फैल गई। स्थिति को देखते हुए कीर्तन कर रही महिलाएं तत्काल हॉल से बाहर निकल गईं। धार्मिक सामान जलकर राख, एक लाख से ज्यादा का नुकसान मंदिर के पुजारी मोहन लाल ने बताया कि आग लगने की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की आशंका है। आग की चपेट में आने से शोरूम में रखा भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित धार्मिक सामान, पोशाक, श्रृंगार सामग्री और अन्य सामान जल गया। पुजारी के अनुसार, आग से एक लाख रुपए से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। फिलहाल नुकसान का सही आकलन किया जा रहा है।
यमुनानगर में मंदिर परिसर में लगी आग:जान बचाकर भागी कीर्तन कर रहीं महिलाएं; धमाके के साथ उठा धुंआ, शॉर्ट सर्किट की आशंका