रोहतक जिले के गांव मदीना में रेडियो स्टेशन के पीछे सोमवार सुबह एक युवक का शव जली हुई हालत में मिला था। मृतक की पहचान शेर मोहम्मद निवासी गांव जमालपुर अलीगढ़ यूपी के रूप में हुई, जो दिल्ली में ओला कंपनी के अंदर ड्राइवर था। देर रात को मृतक के परिजनों ने शवगृह पहुंचकर शव की पहचान की। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मृतक शेर मोहम्मद के परिजनों ने बताया कि शेर मोहम्मद की आल्टो गाड़ी रविवार को ऑनलाइन बुक हुई थी। रविवार दोपहर को शेर मोहम्मद सवारी लेकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। कई बार फोन किया, लेकिन फोन भी बंद आ रहा था। जब शेर मोहम्मद की कोई खबर नहीं मिली तो उसकी तलाश शुरू कर दी। जले हुए आधार कार्ड से हुई पहचान मदीना गांव में जहां जली हुई हालत में शव मिला, वहां पुलिस को करीब 50 कदम दूर मिट्टी में एक जला हुआ आधार कार्ड मिला, जिस पर शेर मोहम्मद नाम लिखा था। साथ ही उसका फोन नंबर भी था। वहीं, एक जला हुआ मोबाइल भी बरामद किया गया। इसी के आधार पर पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क किया। देर रात पहुंचे परिजन, शवगृह में की शिनाख्त मृतक शेर मोहम्मद के परिजन सूचना मिलने के बाद देर रात को थाना बहुअकबरपुर पहुंचे और पुलिस के साथ रात को ही डेड हाउस आए। डेड हाउस में शव की शिनाख्त करते हुए पुलिस को शिकायत दी है। मृतक का आज पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। एक साल से ओला कंपनी में चलाता था गाड़ी मृतक के परिजनों ने बताया कि शेर मोहम्मद एक साल से ओला कंपनी में गाड़ी चलाता था। इससे पहले वह एक प्राइवेट अस्पताल में एम्बूलेंस चलाता था। दिल्ली से गाड़ी कहां के लिए बुक हुई थी, इसके बारे में पुलिस छानबीन कर रही है। शेर मोहम्मद के दो बेटे व एक बेटी है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थाना बहुअकबरपुर पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह एक युवक का शव जली हुई हालत में मिला था। मृतक की शिनाख्त शेर मोहम्मद के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर आज परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले में हत्यारोपियों की तलाश कर रही है।
रोहतक में जले मोबाइल और आधार से खुलासा:ओला ड्राइवर की जली लाश मिलने का मामला, UP का रहने वाला; गाड़ी लूटकर की हत्या