लुधियाना में गुरुवार को हुए एक सड़क हादसे में एक 13 वर्षीय स्कूली छात्रा अमृत कौर की मौत हो गई जबकि उसकी सहेली दीप कौर गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा जगराओं के गांव शेरपुर कलां में हुआ। दोनों स्कूल की छुट्टी के बाद साइकिल पर घर लौट रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार बच्चियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमृत कौर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दीप कौर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर जगराओं की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों बच्चियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अमृत कौर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। वहीं, घायल दीप कौर का अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया थाना सदर के इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के असल कारणों और फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लुधियाना-तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने छात्राओं को रौंदा, एक की मौत:स्कूल से छुट्टी के बाद साइकिल से घर लौट रही थीं; जगराओं के गांव शेरपुर कलां में हादसा