लुधियाना में चलती कार पर ईंटों से हमला करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कार सवार के साथ रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान आरोपियों ने चलती कार पर ईंट मारकर उसका शीशा तोड़ दिया। घटना के दौरान किसी राहगीर ने आरोपियों को कार पर ईंटें बरसाते हुए वीडियो बना लिया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस के संज्ञान में मामला आया। इसके बाद पुलिस ने वीडियो की जांच करते हुए वारदात में इस्तेमाल बाइक और कार के नंबर ट्रेस किए और आरोपियों तक पहुंची। वीडियो सामने आते ही जांच के आदेश एसीपी सरबजीत सिंह चीमा ने बताया कि जैसे ही उनके ध्यान में घटना का वीडियो आया, उन्होंने तुरंत थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस को जांच के आदेश दिए थे। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और वाहनों के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को रेड कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रंजिश में ईंट मारकर तोड़ा शीशा पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने माना कि कार सवार के साथ उनकी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते उनकी कार सवार के साथ नोकझोंक हुई थी। इसके बाद गुस्से में उन्होंने चलती कार पर ईंट मार दी, जिससे कार का शीशा टूट गया। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में और कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं।
लुधियाना में चलती कार पर ईंटें मारने वाले 3 गिरफ्तार:नंबर प्लेट से पकड़े गए, पुलिस ने ट्रेस किया; गाड़ी का शीशा किया था चकनाचूर