पंजाबी सिंगर विक्की तालीवान उर्फ बिक्रमजीत सिंह को हवाई फायरिंग का वीडियो वॉट्सएप स्टेटस पर लगाना महंगा पड़ गया। खन्ना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो सामने आने के बाद माछीवाड़ा साहिब थाने में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि विक्की ने अपने दोस्त और AAP नेता के गनमैन की लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की थी। वीडियो में वह खेतों में पिस्टल चलाते नजर आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, फायरिंग बटाला में हुई, जबकि वीडियो माछीवाड़ा साहिब के गांव बहिलोलपुर पहुंचकर स्टेटस पर लगाया गया। AAP नेता के गनमैन के पिस्टल से की फायरिंग पुलिस जांच में जिस लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की बात सामने आई है, वह मनवीर सिंह नाम के व्यक्ति की बताई जा रही है। मनवीर सिंह गुरदासपुर जिले के एक आम आदमी पार्टी के नेता का गनमैन है। हालांकि, पुलिस अभी इसकी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि गनमैन का लाइसेंसी हथियार विक्की तालीवान तक कैसे पहुंचा और किन हालात में उन्होंने फायरिंग की गई। हथियार के लाइसेंसधारी को भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। डीएसपी बोले- 2 केस पहले से दर्ज हैं समराला के डीएसपी प्रितपाल सिंह संधू ने बताया कि पुलिस को फायरिंग की वीडियो की जानकारी मिलते ही थाना माछीवाड़ा साहिब में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद बिक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी के अनुसार, पुलिस मामले के सभी पहलुओं से जांच कर रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी संधू ने यह भी बताया कि विक्की तालीवान के खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े से जुड़े दो मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। गुरलेज अख्तर के साथ कर चुके काम विक्की तालीवान पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं। वह पंजाबी गायिका गुरलेज अख्तर के साथ भी काम कर चुके हैं। 22 जनवरी 2025 को गुरलेज अख्तर के साथ उनका ‘हॉट हेडेड’ गाना रिलीज हुआ था। इसके अलावा करीब चार महीने पहले दोनों का ‘इन फेमस’ गाना भी रिलीज हुआ, जिसे यूट्यूब पर लाखों व्यूज मिल चुके हैं। वहीं, विक्की तालीवान का सिंगल ट्रैक ‘साउण दियां झड़ियां’ 4 अगस्त 2026 को रिलीज हुआ था। फिलहाल विक्की तालीवान खन्ना पुलिस की गिरफ्त में हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है। *************** ये खबर भी पढ़ें: क्रिकेटर अर्शदीप ने गर्लफ्रेंड को कहा- मेरी पार्टनर: 8 फोटो शेयर कर बर्थडे विश किया; बाजू पर एक-दूसरे के नाम का टैटू बनवा चुके पंजाब के रहने वाले क्रिकेटर अर्शदीप सिंह ने अपनी गर्लफ्रेंड समरीन कौर को सोमवार को खास अंदाज में बर्थडे विश किया। अर्शदीप ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- हैप्पी बर्थडे मेरी जान, मेरी क्रेजी, स्मार्ट, मैच्योर और खूबसूरत पार्टनर। इसके साथ उन्होंने समरीन के साथ करीब 8 फोटो भी शेयर की हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
लुधियाना में पंजाबी सिंगर गिरफ्तार:AAP नेता के गनमैन की पिस्टल से चलाई गोली, वॉट्सएप पर स्टेटस लगाया; इन फेमस सॉन्ग से चर्चा में रहे
📰 Editorial Attribution: Originally reported by पंजाब | दैनिक भास्कर ↗. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.