कैथल जिले के गांव बाबा लदाना स्थित बाबा राजपुरी डेरे से हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए महंत दूजपुरी के खिलाफ सदर थाना में एक और केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि महंत ने मंदिर में बने अपने कमरे में सुल्फा छुपा रखा था। जब पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो वहां से करीब 639 ग्राम सल्फा बरामद हुआ है। पकड़े गए सुल्फा की कीमत करीब 85 हजार रुपए है। हालांकि हत्या के आरोपी दूजपुरी की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन पुलिस ने उसे जल्द ही इस मामले में भी प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करने की बात कही है। मामले की जांच जारी- SHO सदर थाना एसएचओ कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी महंत दूजपुरी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। विश्राम गृह में मिला था शव बता दें कि कैथल के गांव बाबा लदाना स्थित बाबा राजपुरी डेरे में एक साधु की हत्या कर दी गई। डेरे में बने विश्राम गृह में उनका शव पड़ा मिला। शरीर पर चोट के निशान मिले और बाल भी उखाड़े हुए थे। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अनुयायी मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। 5 किए जा चुके गिरफ्तार जांच में सामने आया कि डेरे के मुख्य महंत दूजपुरी ने साधु की सिगरेट उठाने पर पीट-पीटकर हत्या की है। मामला धर्म और हत्या से जुड़ा होने के कारण सीआईए, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ और सदर थाना पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और महंत दूजपुरी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस की ओर से नशा तस्करी मामले में भी आरोपी महंत के खिलाफ आगामी कार्रवाई की जा रही है।
हत्यारोपी महंत दूजपुरी के कमरे से मिला सुल्फा:कैथल में साधु की हत्या के बाद जांच में खुलासा; एक और केस दर्ज