Chandigarh Daily 20°C Clear AQI 65 Nifty 23,960.60 +0.63% Sensex 77,301.40 +0.50% Bank Nifty 55,913.60 +0.67% USD-INR 94.63 -0.11% Gold ₹/10g ₹123,991 +3.43% Silver ₹/kg ₹159,134 +5.13% Crude \$ 87.78 -8.65% Chhattisgarh 284/10 & 254/10 v Hyderabad (India) 13/2 & 280/10 *ISTLive

हांसी में जीजा ने सालों पर फायरिंग की:बहन से मारपीट के बाद ससुराल पहुंचे थे भाई, देखते ही व्यक्ति ने गोलियां चलाई

हरियाणा के हांसी में मंगलवार को एक जीजा ने अपने दो सालों पर फायरिंग कर दी। दोनों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। बहन से मारपीट की सूचना मिलने के बाद दोनों भाई उसकी ससुराल पहुंचे थे। सालों को देखकर जीजा भड़क गया। गली में इनकी आपस में धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान जीजा ने सालों पर गोलियां चला दीं, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जसवीर ने बताया कि उसकी बहन सरोज की शादी करीब 16 साल पहले बासगांव निवासी बारू से हुई थी। फिलहाल उसकी बहन हांसी के न्यू मॉडल टाउन में रह रही है। शादी के शुरुआती 10 साल तक सब ठीक रहा। इसके बाद उसका जीजा नशा करने लगा और आए दिन सरोज के साथ मारपीट करने लगा। जसवीर ने बताया कि मंगलवार को सरोज ने फोन कर बताया कि बारू उसके साथ मारपीट कर रहा है। इसके बाद वह अपने भाई के साथ हांसी के न्यू मॉडल टाउन पहुंचा। जैसे ही वे घर के पास पहुंचे, उनका जीजा बारू दरवाजे पर खड़ा था। उन्हें देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी। जसवीर ने बताया कि फायरिंग होते ही दोनों भाई वहां से भाग निकले और अपनी जान बचाई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक हंगामा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आरोपी मौके से फरार हो गया। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…