अमृतसर के अनगढ़ इलाके में बुधवार तड़के पुलिस ने नशे के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने घर-घर की तलाशी ली। पूरे अभियान के दौरान करीब 150 पुलिस जवानों को तैनात किया गया था। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी से इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध घरों और स्थानों की जांच करने के साथ-साथ लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस को कुछ नशीले पदार्थ और शराब बरामद हुई है। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई। दस्तावेज और नंबर प्लेट से जुड़ी कमियां मिलने पर करीब 8 से 10 वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लिया है। डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देशों पर नशे के खिलाफ विशेष सर्च मॉडल तैयार किया गया था। पुलिस को सूचना मिल रही थी कि अनगढ़, वाल्मीकि मोहल्ला और शेखां बाजार के कुछ हिस्सों में कुछ लोग चोरी-छिपे नशे का कारोबार कर रहे हैं। करीब 10 संदिग्ध राउंडअप, पुलिस कर रही पूछताछ डीसीपी ने बताया कि अभियान में एडीसीपी-1 समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सेंट्रल इलाके के थाना प्रभारियों और डी डिवीजन के एसएचओ सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर पूरे इलाके की जांच की। कार्रवाई के दौरान करीब 10 संदिग्ध व्यक्तियों को राउंडअप किया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन लोगों का नशे के कारोबार से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामदगी और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अमृतसर में 150 जवानों का सर्च ऑपरेशन:घर-घर की तलाशी ली, नशे के कारोबार की सूचना मिली; 10 राउंडअप
Editorial Attribution: Originally reported by पंजाब | दैनिक भास्कर. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.