पंजाब कांग्रेस में हुए संगठनात्मक बदलाव को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी प्रधान राज कुमार वेरका ने प्रतिक्रिया दी है। वेरका ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में समय-समय पर संगठन में बदलाव होते रहते हैं और इसी प्रक्रिया के तहत पंजाब कांग्रेस के प्रभारी की जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है। वेरका ने कहा कि भूपेश बघेल ने पंजाब प्रभारी के तौर पर अच्छा काम किया है। अब कांग्रेस हाईकमान को लगा कि असम में उनकी ज्यादा जरूरत है, इसलिए उन्हें वहां की जिम्मेदारी दी गई है। खास बात यह है कि भूपेश बघेल ने बीते दिन ही पंजाब का दौरा किया था और दौरा खत्म होने के बाद ही उन्हें पंजाब प्रभारी के पद से हटाने का फैसला सामने आया। वहीं अब कांग्रेस हाईकमान ने सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है। सचिन पायलट की नियुक्ति पर वेरका ने कहा कि वह पंजाब को अच्छी तरह समझते हैं। पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी कलह खत्म होगी: वेरका वेरका ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को सचिन पायलट पर पूरा भरोसा है और उनके पंजाब प्रभारी बनने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस में जो छोटी-मोटी किंतु-परंतु होती थी, वह अब खत्म होगी और पार्टी आगे एकजुट होकर काम करेगी। राज कुमार वेरका ने कहा कि कांग्रेस अब 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी पूरी ताकत के साथ करेगी। नए प्रभारी के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार करने पर फोकस रहेगा। सचिन पायलट की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा वेरका ने यह भी कहा कि राहुल गांधी का इसी महीने पंजाब दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में सचिन पायलट की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी नई ऊर्जा देखने को मिलेगी। पार्टी अब पंजाब में संगठन को मजबूत करते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाएगी।
वेरका बोले-सचिन पायलट प्रभारी बनने से गुटबाजी होगी दूर:पार्टी में आपसी मतभेद खत्म होंगे; कहा-पंजाब कांग्रेस का संगठन होगा मजबूत