लुधियाना| नगर निगम में एफएंडसीसी चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के भीतर सामने आई खींचतान अभी थमी भी नहीं है कि अब हलका आत्म नगर में विकास कार्यों के ‘क्रेडिट’ को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। वार्ड-40 में एक ही विकास कार्य के दोबारा उद्घाटन को लेकर डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर और विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। पार्षद व डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर ने सड़कों के नवीनीकरण कार्य का मंगलवार को उद्घाटन किया था। बुधवार को उसी काम का विधायक कुलवंत सिद्धू ने दोबारा नींव पत्थर रख दिया। नगर निगम में हाल ही में हुए एफएंडसीसी चुनाव के बाद आप के भीतर आपसी मनमुटाव को लेकर चर्चाएं पहले ही तेज हैं। विधायक मदन लाल बग्गा के बेटे अमन बग्गा की चुनाव में हार और उसके बाद विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल की सार्वजनिक टिप्पणी ने भी पार्टी के अंदर चल रही खींचतान को चर्चा में ला दिया था। दूसरी ओर मेयर इंद्रजीत कौर को लेकर भी पश्चिमी और पूर्वी हलके के कई पार्षदों की नाराजगी की बातें सामने आती रही हैं। अब आत्म नगर के वार्ड-40 में एक ही विकास कार्य के दो उद्घाटन ने इन चर्चाओं को नया मुद्दा दे दिया है। डिप्टी मेयर कहां उद्घाटन करते हैं इस बारे में वो ही जानें : कुलवंत सिद्धू वहीं, विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने कहा कि उनकी तरफ से इलाके में विकास के कई काम पास करवाए गए हैं और अलग-अलग स्थानों पर काम शुरू करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नींव पत्थर पर डिप्टी मेयर का नाम भी उन्होंने खुद दर्ज करवाया है। उनका कहना है कि वह सभी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। डिप्टी मेयर किन गलियों में किसके साथ जाकर उद्घाटन करते हैं, इसके बारे में वही बेहतर बता सकते हैं। पार्षद कोटे से पास काम के शुभारंभ का मुझे अधिकार: प्रिंस जौहर डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर के मुताबिक वार्ड 40 की विभिन्न सड़कों के नवीनीकरण के लिए करीब 74 लाख के काम पार्षद कोटे से पास हुए हैं। मंगलवार को उन्होंने इन कार्यों का शुभारंभ किया। उनका कहना है कि जब काम पार्षद कोटे से पास हुआ है तो उसका शुभारंभ करने का अधिकार भी पार्षद का ही बनता है। इसके बावजूद उन्हें बिना सूचना दिए विधायक की तरफ से उसी काम का दोबारा उद्घाटन करना समझ से परे है।
आप में रार…1 काम, 2 दिन, 2 उद्घाटन