पठानकोट में नशे में धुत्त 2 युवकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें 2 युवक पूरी तरह बेसुध होकर एक प्लॉट में दीवार के साथ गिरे दिख रहे हैं। ये वीडियो दौलतपुर ढाकी का बताया जा रहा है। वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। वहीं, पठानकोट विधायक एवं पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने भी इस वीडियो को लेकर सवाल खड़े किए हैं। अश्वनी शर्मा ने वीडियो का हवाला देते हुए पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशों के विरुद्ध ‘ अभियान के दावों की धज्जियां उड़ाईं और पुलिस व प्रशासन की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े किए। वहीं, जब इस मामले पर पुलिस का पक्ष जानने के लिए एसपी जगदीश अत्री को फोन किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। वीडियो में क्या दिख रहा बता दें, बुधवार दोपहर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि 2 युवक एक खाली प्लॉट में झाड़ियों के पास दीवार से सटे गिरे पड़े हैं। बेसुध पड़े दोनों युवकों के शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही। जबकि, एक युवक की हाथ की उंगली हिलती दिख रही है। 54 सैकेंड के वीडियो को किसी अज्ञात ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल किया। दोनों में से किसी एक युवक की जेब में मोबाइल की रिंगटोन बजती भी वीडियो में सुनाई दे रही है। अश्वनी शर्मा के आरोप, पठानकोट की गली-गली में बिक रहा नशा अश्वनी शर्मा ने कहा कि पठानकोट हमेशा से ही शांति, भाईचारे और अमन-चैन वाला शहर रहा है, लेकिन आम आदमी पार्टी के शासनकाल में यहां गली-गली तक चिट्टे और नशे की बीमारी पहुंच चुकी है। मान सरकार के साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन स्थिति सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ती जा रही है। पंजाब को नशा मुक्त बनाने के बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आए लोगों के राज में आज हर गली-मोहल्ले में सरेआम नशा बिक रहा है और अनगिनत माताओं के लाल नशे की भेंट चढ़ चुके हैं। प्रशासन की शह और सरकार की नाकामी पर उठाए सवाल भाजपा विधायक ने तीखा सवाल पूछते हुए कहा कि क्या यह सब सरकार की मर्जी या पुलिस-प्रशासन की शह के बिना संभव हो सकता है? पंजाब पुलिस अपनी बहादुरी के लिए जानी जाती है, लेकिन आज वह नशे के कारोबार को रोकने में इतनी बेबस क्यों नजर आ रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार केवल भाषणबाजी, चुटकुलेबाजी और करोड़ों रुपये की विज्ञापनबाजी तक सीमित होकर रह गई है, जबकि धरातल पर माताओं-बहनों से उनके बेटे और भाई छीने जा रहे हैं। जनता से अपील: सरकार नाम की चीज नहीं, अपने परिवारों की खुद करें सुरक्षा पठानकोट के निवासियों को सचेत करते हुए अश्वनी शर्मा ने भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में ‘सरकार’ नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। इसलिए शहरवासी अपने बच्चों और परिवारों का ध्यान खुद रखें और उन्हें इस नशे के जाल से बचाएं, क्योंकि इस निकम्मी सरकार से अब किसी सुरक्षा या सुधार की उम्मीद नहीं की जा सकती।
पठानकोट में नशे में धुत्त युवकों का वीडियो वायरल:अश्वनी शर्मा बोले, गली-गली बिक रहा नशा,लोग अपने बच्चों को खुद बचाएं
Editorial Attribution: Originally reported by पंजाब | दैनिक भास्कर. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.