यमुनानगर में पंचकूला-सहारनपुर हाईवे किनारे रुहला खेड़ी गांव के पास पानी की खाल में अंडरगारमेंट्स में मिले करीब 30 से 32 वर्षीय युवती के शव की पांच दिन बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने अज्ञात के तौर पर शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। पोस्टमार्टम बोर्ड ने शव की जांच की। डॉक्टरों के अनुसार युवती की मौत सिर में चोट लगने के कारण हुई है। युवती की बाईं आंख, माथे और ठोड़ी पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया। मामले में पुलिस की जांच जारी है और मृतका की पहचान के लिए आसपास के जिलों में भी प्रयास किए जा रहे हैं। बाईं आंख, माथे और ठोड़ी पर चोट जांच अधिकारी हरिराम के अनुसार पोस्टमार्टम के दौरान युवती के शरीर पर बाईं आंख, माथे और ठोड़ी पर चोट के निशान मिले। डॉक्टर ने मौत का कारण सिर में लगी चोट को बताया है। हालांकि युवती की मौत से पहले उसके साथ किसी तरह का गलत काम हुआ था या नहीं, इसकी जांच अभी बाकी है। इसी के लिए पोस्टमार्टम के दौरान वेजाइनल स्वैब सैंपल लिया गया है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या से पहले युवती के साथ किसी तरह की यौन हिंसा हुई थी या नहीं। शव से 50 मीटर दूर मिले युवती के कपड़े युवती का शव जिस स्थान पर मिला, वहां से करीब 50 मीटर दूर एक पॉलिथिन भी बरामद हुई थी। इसमें तीन सलवार, एक लोवर और कमीज पड़ी मिली। पुलिस इन कपड़ों को भी मृतका से जोड़कर देख रही है, लेकिन पॉलिथिन से उसकी पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या अन्य सामान नहीं मिला। मृतका के गले में मंगलसूत्र और पैरों में पाजेब मिली थी। जांच अधिकारी का कहना है कि घटनास्थल के हालात देखकर प्राथमिक तौर पर यही आशंका है कि युवती की हत्या किसी दूसरी जगह की गई और इसके बाद शव को यहां लाकर फेंका गया। यदि हत्या इसी स्थान पर की गई होती तो आसपास खून या संघर्ष के अन्य निशान मिलने की संभावना थी, लेकिन मौके पर ऐसे निशान नहीं मिले हैं। कई लोगों ने फोन कर लापता युवतियों की दी जानकारी मृतका की शिनाख्त पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। जांच अधिकारी के मुताबिक पुलिस के पास कई लोगों के फोन भी आए हैं। इन लोगों ने अपने घर से युवतियों के लापता होने की जानकारी देते हुए शव की शिनाख्त की संभावना जताई है। पुलिस संबंधित परिवारों से मिली जानकारी के आधार पर मृतका के हुलिए और अन्य विवरण का मिलान कर रही है। हालांकि अभी तक इनमें से किसी के साथ मृतका की पहचान पुख्ता नहीं हुई है। यह था मामला नो सितंबर सुबह करीब 10 बजे रुहला खेड़ी गांव के पास पंचकूला-सहारनपुर हाईवे किनारे खेतों में पानी की खाल में युवती का शव मिला था। युवती के शरीर पर केवल अंडरगारमेंट्स थे और आसपास उसके कपड़े नहीं मिले थे। उसके गले में मंगलसूत्र और पैरों में पाजेब थी। माथे पर चोट का निशान भी दिखाई दे रहा था। सूचना मिलने पर DSP राजीव मिगलानी के नेतृत्व में जगाधरी थाना पुलिस और CIA की टीमें मौके पर पहुंचीं। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जगाधरी सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया था। अब पोस्टमार्टम के बाद वेजाइनल स्वैब समेत अन्य जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
वेजाइनल स्वैब के सैंपल से होगी यौन उत्पीड़न की जांच:यमुनानगर में अंडरगारमेंट्स में मिले युवती के शव का मामला; हेड इंजरी से मौत
Editorial Attribution: Originally reported by हरियाणा | दैनिक भास्कर. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.