हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद हरियाणवी कलाकारों और गायकों में काफी रोष और दुख देखा जा रहा है। हिसार में एक कार्यक्रम में पहुंचे प्रसिद्ध हरियाणवी कलाकार सिंगर अमित सैनी रोहतकिया और बिंदर दनौदा ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया। सिंगर अमित सैनी रोहतकिया ने कहा कि अंकित बालियान का जो मर्डर हुआ है, इसको लेकर बहुत दुखद है और पूरे कलाकार जगत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि बहुत से साथी कलाकार उसके परिवार से मिलने नहीं गए। ऐसे कलाकारों पर कहा कि तुम ऐसी संवेदनहीनता दिखाते हो तो मुझे बहुत गुस्सा आता है। उन्होंने कहा कि एक दिन सबको मरना है। कोई 200 साल तक जीवित नहीं रहता। हर कोई हमेशा नंबर-1 बनने की होड़ में लगा हुआ है। मगर ऐसे दुख-दर्द में शामिल होना जरूरी है। अमित ने कहा कि वहां जाने से कोई तुमसे तुम्हारे पैसे थोड़ी ना छीन लेता, चले जाते तो क्या दिक्कत थी। बिंदर बोले- बदमाशी के गानों का बुरा असर पड़ता है कलाकार बिंदर दनौदा ने समाज में बढ़ते अपराध के पीछे म्यूजिक इंडस्ट्री के प्रभाव को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, अंकित बहुत अच्छे आर्टिस्ट थे और यह अचानक से शुरू नहीं होता। जैसे पंजाब में वहां के आर्टिस्टों ने ड्रग्स और गन कल्चर को इतना प्रमोट किया और अब हरियाणा में भी कहीं ना कहीं गन कल्चर को प्रमोट करने वाले सॉन्ग आ रहे हैं। इसके कारण घटनाएं बढ़ रही हैं। कलाकारों को भी सीमित होना पड़ेगा, नैतिक जिम्मेवारी उनको अपनी समझनी पड़ेगी और इसका कोई इलाज नहीं है। युवाओं और बच्चों पर प्रभाव बिंदर दनौदा ने कहा कि जब आप हर वक्त गोली की, बंदूक की बात करोगे, कब्जे की बात करोगे तो यूथ कहीं ना कहीं इससे प्रभावित होता ही है। पीछे दो-तीन कांड तो मेरे सामने हुए हैं। बिंदर ने कहा कि गानों से बदमाशों का महिमामंडन होता है। आज हर कोई बड़े गैंगस्टरों की डीपी फोन में लगाकर घूम रहा है। ऐसे में कलाकर ऐसे गीत गाकर इसको और ज़्यादा बढ़ा देते हैं। बिंदर ने कहा कि मेरे हिसाब से यही कारण है कि अपराध बढ़ रहा है।
अंकित बालियान की हत्या पर कलाकारों में रोष:अमित सैनी बोले-सब नंबर-1 की होड़ में, दुख में शामिल होना चाहिए