अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ सफलता मिली है। पुलिस ने आज एक अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 अवैध .30 बोर पिस्तौल और 103 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया एप्लीकेशन के जरिए विदेशों में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। आरोप है कि आरोपी विदेशी निर्मित अवैध हथियारों की खेप हासिल करने के बाद उन्हें पंजाब में सक्रिय आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का काम कर रहे थे। अपराधियों को हथियार उपलब्ध कराने में सक्रिय था नेटवर्क पुलिस के मुताबिक, यह नेटवर्क पंजाब में अपराधियों को अवैध हथियार उपलब्ध कराने में सक्रिय था। हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस अब नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। मामले में अमृतसर के थाना इस्लामाबाद में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अमृतसर हथियार नेटवर्क की जांच तेज जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को हथियार कहां से और किस माध्यम से मिल रहे थे। विदेशों में बैठे तस्करों के साथ उनके संपर्क और संभावित सीमा पार कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। साथ ही, अब तक पंजाब में कितने हथियार सप्लाई किए गए और किन आपराधिक लोगों या गिरोहों तक ये पहुंचे, इसका भी पता लगाया जा रहा है। बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहनता से पड़ताल की जाएगी पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहनता से पड़ताल की जाएगी। आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया संपर्कों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
अमृतसर में अवैध हथियार नेटवर्क का पर्दाफाश:2 आरोपी गिरफ्तार; 8 पिस्तौल और 103 कारतूस बरामद; विदेशी तस्करों से संपर्क