Chandigarh Daily 17°C Clear AQI 54 Nifty 22,811.35 -0.34% Sensex 73,709.69 -0.19% Bank Nifty 54,976.90 -0.92% USD-INR 94.45 -0.34% Gold ₹/10g ₹126,172 +0.12% Silver ₹/kg ₹175,912 +0.38% Crude \$ 97.89 +0.76% India Women v Zimbabwe WomenISTLive

गैंगस्टर जीशान अख्तर का करीबी गिरफ्तार:ग्लॉक पिस्टल समेत हथियार बरामद, कारोबारी की रेकी कर रहा था; जालंधर का रहने वाला

स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) मोहाली ने विदेश में बैठे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता बाबा सिद्दीकी मर्डर के मुख्य आरोपी जीशान अख्तर के करीबी को अरेस्ट किया है। वह एक कारोबारी की कथित तौर पर रेकी और निगरानी कर रहा था। आरोपी की पहचान जसकरण उर्फ जस्सी निवासी शंकर पट्टी ठाकर नकोदर जिला जालंधर के रूप में हुई है। उनके पास से ग्लॉक 9एमएम पिस्टल, 2 मैगजीन और 5 कारतूस बरामद हुए। SSOC की AIG सिमरत कौर के मुताबिक जसकरण विदेश में बैठे गैंग संचालक जीशान अख्तर के संपर्क में है और उसके निर्देश पर संभावित टारगेट की रेकी कर रहा है। सोशल मीडिया के जरिए दोबारा संपर्क में आए पूछताछ में सामने आया कि जसकरण और जीशान अख्तर एक ही गांव शंकर, नकोदर के रहने वाले हैं और स्कूल के समय से एक-दूसरे को जानते हैं। पुलिस के मुताबिक, मार्च-अप्रैल 2026 में जीशान ने इंस्टाग्राम के जरिए जसकरण से दोबारा संपर्क किया। जसकरण को आर्थिक मदद की जरूरत थी। आरोप है कि जीशान ने उसके निर्देशों पर काम करने के बदले आर्थिक मदद देने की पेशकश की। मोबाइल एक्सेसरीज बेचने की आड़ में की रेकी पुलिस के अनुसार, मई 2026 में जीशान ने जसकरण को पंजाब में एक कारोबारी की रेकी और निगरानी करने का काम दिया। उसे कारोबारी के ऑफिस और गतिविधियों की जानकारी दी गई। कथित तौर पर जसकरण को ऑफिस के पास सड़क किनारे मोबाइल एक्सेसरीज बेचने के लिए स्टॉल लगाने को कहा गया, ताकि वह आसानी से टारगेट पर नजर रख सके। पुलिस का आरोप है कि जसकरण ने मई के अंत से जुलाई के अंत तक स्टॉल चलाया। इस दौरान उसने म्यूजिक स्पीकर में छिपे कैमरे से कारोबारी की गतिविधियों की रिकॉर्डिंग की और फुटेज वॉट्सऐप के जरिए जीशान को भेजी। इस काम के बदले उसे करीब 80 हजार रुपए मिलने की बात सामने आई है। फिरौती मांगने का भी आरोप पुलिस के अनुसार, जीशान अख्तर कारोबारी से फिरौती मांग रहा था और निगरानी के दौरान जसकरण के लगातार संपर्क में था। पुलिस का कहना है कि रेकी का काम पूरा होने के बाद जसकरण को मोहाली क्षेत्र में एक और असाइनमेंट दिया गया और इसी दौरान उसे हथियार और गोला-बारूद उपलब्ध कराया गया। पुलिस अब बरामद पिस्टल, मैगजीन और कारतूस की फोरेंसिक व बैलिस्टिक जांच कर रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।