जालंधर के वेस्ट हलके में चोरी और स्नेचिंग की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे इलाके के लोग दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं। ताजा मामला थाना 5 के अधीन आते लसूड़ी मोहल्ले का है, जहां सुबह की सैर पर निकली एक बीमार महिला को धक्का देकर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश उनके कानों की बालियां छीनकर फरार हो गए। एक तरफ जहां स्थानीय निवासियों ने घटना के घंटों बाद तक पुलिस के न पहुंचने पर भारी रोष व्यक्त किया है, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन ने मामला दर्ज कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है। पीड़ित महिला बचनों ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि वह काफी समय से बीमार चल रही हैं और स्वास्थ्य लाभ के लिए सुबह घर के पास टहलने निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवकों ने पहले तो उन्हें बातों में उलझाया और साइड होकर चलने को कहा। इसके तुरंत बाद वे दोबारा वापस आए और एक युवक ने उन्हें जोर से धक्का दे दिया, जिससे वे सड़क पर गिर पड़ीं। इसके बाद बदमाशों ने जबरन उनके कानों से बालियां नोच लीं और मौके से रफूचक्कर हो गए। अचानक हुए इस हमले में पीड़िता के घुटनों में गंभीर चोटें आई हैं। दिन के उजाले में भी बाहर निकलना सुरक्षित नहीं रह गया घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने पीड़िता को संभाला। इलाका निवासियों का कहना है कि अब दिन के उजाले में भी बाहर निकलना सुरक्षित नहीं रह गया है। बीते दिन भी इसी क्षेत्र में स्नेचरों ने एक रेहड़ी वाले और ऑटो चालक को अपना निशाना बनाते हुए उनका सामान लूट लिया था। लोगों ने पुलिस की सुस्त कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुबह 8 बजे घटना होने के तुरंत बाद पुलिस को सूचित कर दिया गया था, लेकिन 3 से 4 घंटे बीत जाने के बावजूद कोई भी पुलिसकर्मी घटनास्थल का जायजा लेने नहीं पहुंचा। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दूसरी ओर, मामले के तूल पकड़ने पर एसीपी अतिश भाटिया ने एक वीडियो संदेश जारी कर पुलिस का पक्ष स्पष्ट किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस स्टेशन डिवीजन नंबर 5 को लसूड़ी मोहल्ले में महिला से स्नेचिंग की सूचना प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तुरंत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जालंधर में बीमार महिला बनी स्नेचरों का शिकार:कानों से बालियां नोच फरार हुए बदमाश, CCTV खंगाल रही पुलिस
Editorial Attribution: Originally reported by पंजाब | दैनिक भास्कर. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.