दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार को गिरी करीब 40 साल पुरानी बिल्डिंग के मालिक हरि राम बंसल है। वह गुरुग्राम के सेक्टर-23 में रहते हैं। हरि राम बंसल के दो बेटे हैं। इनमें एक पायलट है, जबकि दूसरा बेटा सेक्टर-23 में पेंट की दुकान चलाता है। दैनिक भास्कर से बातचीत में पड़ोसियों ने सिर्फ इतना बताया कि फैमिली अच्छी है। इससे ज्यादा जानकारी होने से इन्होंने इनकार कर दिया। साउथ कैंपस थाने में केस दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस ने हरि राम बंसल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया। सोमवार को दिल्ली पुलिस ने हरि राम बंसल को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है और 12 लोगों को बचाया गया है। 5 लोग गंभीर घायल हैं, जिन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू डॉग और कैमरे के सहायता से लोगों की तलाश की जा रही है। घर बंद मिला, अंदर फॉर्च्यूनर खड़ी थी घटना के बाद दैनिक भास्कर की टीम हरि राम बंसल के सेक्टर-23 स्थित घर पहुंची। घर पर ताला लगा मिला। बेल बजाने पर भी कोई बाहर नहीं आया। घर का एक गेट पीछे की तरफ है, वह भी बंद था। अंदर फॉर्च्यूनर गाड़ी खड़ी दिखाई दी। यहां पता चला कि इनके दो बेटे हैं- संजय और आनंद बंसल। टीम ने पड़ोसियों से बात करने की कोशिश की, लेकिन कोई भी परिवार के बारे में ज्यादा जानकारी देने को तैयार नहीं हुआ। इसी दौरान गौरव नाम का एक युवक स्कूटी से वहां पहुंचा। उसने बताया, “फैमिली अच्छी थी। इनकी यहीं मार्केट में दुकान भी है। फैमिली के बारे में इससे ज्यादा मैं कुछ नहीं जानता।” पेंटर बोला- मालिक का व्यवहार अच्छा घर बंद मिलने के बाद टीम आनंद बंसल की हरि पेंट्स की दुकान पर पहुंची। दुकान भी बंद मिली। यहां भी पड़ोसी परिवार के बारे में कुछ बताने को तैयार नहीं हुए। दुकान के बाहर खड़े विनोद कुमार ने बताया, “मैं पेंटर हूं। इनकी दुकान से सामान लेकर जाता हूं। आज भी आया था, लेकिन दुकान बंद मिली। फिर पता चला कि दिल्ली में हादसा हो गया है। दुकान मालिक का व्यवहार काफी अच्छा है।” पड़ोसी बोला- कई साल से यहां रह रहे हैं हरि राम बंसल के पड़ोसी एसके शर्मा ने एक एजेंसी से बातचीत में बताया कि बंसल की बाजार में दुकान है। उन्होंने कहा, “हमारा रिश्ता बस इतना है कि हम कभी-कभी उनकी दुकान से सामान खरीदते हैं। उनका स्वभाव अच्छा है। वे यहां कई सालों से रह रहे हैं। मुझे दिल्ली हादसे के बारे में कोई जानकारी नहीं है। मुझे नहीं पता कि सत्य निकेतन में उनका कोई घर है या नहीं, लेकिन यहां उनकी चार-पांच प्रॉपर्टीज जरूर हैं।” ——————————— ये खबरें भी पढ़ें :- दिल्ली पीजी हादसा- मलबे से एक और शव मिला:अब तक 7 मौतें; बेसमेंट में तोड़फोड़ से गिरी थी 5 मंजिला बिल्डिंग छात्र बोले- 10 मिनट पहले निकले, नहीं तो दबे होते:बिल्डिंग से दरकने की आवाजें आ रही थीं; दिल्ली हादसे में कई जान जन्माष्टमी की छुट्टी से बचीं
दिल्ली हादसे वाले PG का मालिक गुरुग्राम का रहने वाला:घर-दुकान बंद मिले; पड़ोसी ने सिर्फ इतना कहा- फैमिली अच्छी, इससे ज्यादा जानकारी नहीं
📰 Editorial Attribution: Originally reported by हरियाणा | दैनिक भास्कर ↗. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.