Chandigarh Daily 24°C Clear AQI 68 Nifty 22,776.10 +0.98% Sensex 73,067.81 +0.95% Bank Nifty 55,128.40 +0.76% USD-INR 96.42 +0.12% Gold ₹/10g ₹129,948 +0.84% Silver ₹/kg ₹191,330 +0.69% Crude \$ 89.42 -0.01% India Under-19s 315/10 v Australia Under-19s 174/10 & 86/4 *ISTLive

धर्मशाला में रेव पार्टी का भंडाफोड़:ईडीएम हॉस्टल में कार्रवाई, चिट्टा-अफीम समेत नशा बरामद, 15 लोग मेडिकल जांच को भेजे

कांगड़ा पुलिस ने धर्मशाला के ऊपरी धर्मकोट स्थित EDM हॉस्टल में चल रही कथित रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से चिट्टा, अफीम, चरस और गांजा बरामद किया। मामले में हॉस्टल के लीज होल्डर समेत दो लोगों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार- यह कार्रवाई 13 और 14 सितंबर की मध्यरात्रि को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मैक्लोडगंज थाना पुलिस ने 14 सितंबर की तड़के अपर धर्मकोट स्थित EDM हॉस्टल में दबिश दी। तलाशी के दौरान 0.95 ग्राम चिट्टा, 3.7 ग्राम अफीम, 1.33 ग्राम चरस और 1.54 ग्राम गांजा/कैनबिस के फूल बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान 15 लोगों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। पुलिस ने मामले में आमिर खान (35), निवासी रायसेन/भोपाल, मध्य प्रदेश, और राधेश रंजन पजोरिया (37), निवासी चित्तौड़गढ़, राजस्थान, को आरोपी बनाया है। पुलिस के मुताबिक राधेश रंजन पजोरिया ईडीएम हॉस्टल का लीज होल्डर है। सोशल मीडिया और बंद ऑनलाइन ग्रुप में हो रहा था प्रचार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हॉस्टल परिसर में 13 और 14 सितंबर को रेव पार्टियां आयोजित की जा रही थीं। इन पार्टियों का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और बंद ऑनलाइन ग्रुपों के जरिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट समेत अन्य डिजिटल साक्ष्य कब्जे में लिए हैं। इनकी आगे जांच की जा रही है। डीआईजी नॉर्थ जोन सौम्या सांबशिवन की अगुवाई में एएसपी कांगड़ा संजीव चौहान, डीएसपी नॉर्दर्न रेंज अनिल ठाकुर, मैक्लोडगंज थाना प्रभारी संजय कुमार समेत करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम ने हॉस्टल को चारों तरफ से घेरकर छापा मारा। समय रहते कार्रवाई कर रेव पार्टी को रोका: पुलिस पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से रेव पार्टी को रोक दिया गया और आगे की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगा। पुलिस ने कहा है कि नशे की खरीद-फरोख्त, सप्लाई, वितरण और सेवन के साथ-साथ ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले लोगों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।