हरियाणा के नारनौल शहर में नए सेक्टर बनाए जाएंगे। सरकार ने शहर विस्तार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसके लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने ई-भूमि (e-Bhoomi) पोर्टल के माध्यम से स्वैच्छिक भूमि खरीद योजना के तहत नारनौल और आसपास के गांवों में 2621.80 एकड़ भूमि खरीदने का विज्ञापन जारी किया है। इच्छुक भूमि मालिक 31 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर अपनी जमीन बेचने का प्रस्ताव सरकार को दे सकेंगे। वर्तमान में नारनौल शहर में केवल एक सेक्टर विकसित है। बढ़ती आबादी, आवासीय जरूरतों और भविष्य की शहरी योजनाओं को देखते हुए सरकार शहर के आसपास नए सेक्टर विकसित करने की तैयारी कर रही है। स्वैच्छिक खरीद प्रक्रिया इसी उद्देश्य से बड़े पैमाने पर भूमि अधिग्रहण के बजाय स्वैच्छिक खरीद प्रक्रिया अपनाई गई है, ताकि जमीन मालिक अपनी इच्छा से सरकार को भूमि बेच सकें। सरकार का कहना है कि पूरी प्रक्रिया ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से संचालित होगी। भूमि मालिक पोर्टल पर आवेदन करने के बाद अपनी जमीन का प्रस्ताव दे सकेंगे। नहीं होगी परेशानी इसके बाद दस्तावेजों का सत्यापन, भूमि का मूल्यांकन और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। सरकार का दावा है कि इस व्यवस्था से भूमि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और किसानों तथा भूमि मालिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। शहर का होगा विस्तार नए सेक्टर विकसित होने से शहर में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही भविष्य में सड़क, सीवरेज, पेयजल, पार्क, संस्थागत क्षेत्र और अन्य शहरी सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। इससे नारनौल के नियोजित विकास को गति मिलेगी और शहर का दायरा बढ़ेगा। इन गांवों की जमीन खरीदेगी सरकार सरकार द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार नए सेक्टर विकसित करने के लिए नारनौल, बुचकपुर, किरारोद अफगान, नूनी अव्वल, नसीबपुर, नांग तिहाड़ी, मीरपुर-2, रसूलपुर और पटीकरा गांवों की भूमि खरीदी जाएगी। इन क्षेत्रों के भूमि मालिक निर्धारित तिथि तक ई-भूमि पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। HSVP ने पात्र भूमि मालिकों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी ई-भूमि पोर्टल और HSVP के हेल्पलाइन नंबरों पर उपलब्ध कराई गई है।
नारनौल में बनेंगे नए सेक्टर, 2621.80 एकड़ जमीन खरीदेगी सरकार:ई-भूमि पोर्टल पर 31 अक्टूबर तक आवेदन का मौका, 9 गांवों की जमीन पर विकसित होगा
📰 Editorial Attribution: Originally reported by हरियाणा | दैनिक भास्कर ↗. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.