Chandigarh Daily 29°C Drizzle AQI 75 Nifty 23,897.70 +0.10% Sensex 76,515.43 +0.48% Bank Nifty 57,369.65 -0.02% USD-INR 94.49 +0.01% Gold ₹/10g ₹137,079 -0.60% Silver ₹/kg ₹205,079 -0.29% Crude \$ 90.33 -1.06% ISTLive

नारनौल में 2 ट्राले आपस में टकराए:डीजल टैंक फटने से आग लगी; 3 लोग गंभीर, रोहतक PGI रेफर

हरियाणा के नारनौल में NH-11 पर शुक्रवार सुबह सुराना गांव के कट के पास दो ट्रालों की आमने-सामने की टक्कर हो गई, इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रालों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद एक ट्राले का डीजल टैंक फटने से उसमें आग लग गई। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी की ओर से नारनौल आ रहा ट्राला सुराना गांव के कट स्थित ओवरब्रिज से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान चालक को कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई। इससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से नारनौल से रेवाड़ी की ओर जा रहे पत्थरों से भरे ट्राले से टकरा गया। डीजल टैंक फटने से ट्राले में लगी आग हादसे के तुरंत बाद रोडियो से भरे ट्राले का डीजल टैंक फट गया और उसमें आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लोगों ने घायलों को केबिनों से निकाला बाहर टक्कर के कारण दोनों ट्रालों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक व परिचालक अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। किसी की नहीं हुई पहचान फिलहाल तीनों घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक और परिचालक मेवात क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।