शिमला जिले के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में हिमाचल प्रदेश ताइक्वांडो चैंपियनशिप हुई। इसमें वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झाकड़ी के छात्र रेषभ ने जिला स्तर पर स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने राज्य स्तर पर कांस्य पदक भी हासिल किया। यह प्रतियोगिता गेयटी थिएटर में 30 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित हुई थी। रेषभ झाकड़ी स्कूल में 12वीं कक्षा के नॉन मेडिकल विषय के छात्र हैं। उन्होंने 45 किलोग्राम भार वर्ग में यह शानदार प्रदर्शन किया। कोच को दिया सफलता का श्रेय रेषभ ने अपनी इस सफलता का श्रेय कोच शिव सिंह क्रेंगटा और गुरु राम सिंह सिहान को दिया है। उनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से ही रेषभ ने यह मुकाम हासिल किया है। रेषभ मूल रूप से रामपुर के झाकड़ी के रहने वाले हैं। उनके पिता सुरेश कुमार किसान हैं और माता ममता गृहणी हैं। विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बने रेषभ की इस सफलता से उनके विद्यालय और पूरे रामपुर क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। वह स्कूल के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बने हैं। रेषभ के माता-पिता, कोच और टीचरों ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। उन्होंने रेषभ को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।
शिमला के गेयटी थिएटर में चमका झाकड़ी का रेषभ:ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीता गोल्ड-ब्रॉन्ज मेडल; टीचरों ने दी बधाई