हरियाणा के पानीपत में एक डांस टीचर ने नेवी में तैनात युवक पर शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि दोनों की मुलाकात 2019 में टिकटॉक के जरिए हुई थी। जून 2023 में युवक ने उसके परिवार के सामने शादी का प्रस्ताव रखा और इसके बाद कई बार उसके साथ संबंध बनाए। मार्च 2025 में गोवा और मई 2026 में दिल्ली के होटल में भी शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि जब उसने खुद के तीन महीने की गर्भवती होने की बात बताई तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और गर्भपात का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को गोली मारने की धमकी दी। समालखा थाना पुलिस ने शिकायत पर युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। टिकटॉक पर मुलाकात, लगातार संपर्क में रहे पीड़िता मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली है और फिलहाल पानीपत में एक निजी स्कूल में डांस टीचर है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी बिजेंद्र सिंह मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के गांव समिति का रहने वाला है। फिलहाल उसकी तैनाती INS विक्रमादित्य, नेवी ऑफिस कर्नाटक में है। दोनों की मुलाकात 2019 में टिकटॉक के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों में बातचीत शुरू हुई और आरोपी ने उसका फोन नंबर लेकर उससे लगातार संपर्क बनाए रखा। जून 2023 में घर आकर शादी का प्रस्ताव रखा पीड़िता के मुताबिक, जून 2023 में उसके जन्मदिन पर आरोपी उसके पानीपत स्थित घर आया। उसने परिवार के सामने उससे शादी करने का प्रस्ताव रखा। इससे उसके माता-पिता और अन्य परिजनों को भी उसकी बात पर भरोसा हो गया। आरोपी दो-तीन दिन तक उसके घर पर रुका। इस दौरान उसने शादी का पक्का विश्वास दिलाया और पहली बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद जब भी आरोपी नेवी से छुट्टी लेकर आता, वह उसके घर पर ठहरता और शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। चोट लगने का बहाना बनाकर गोवा बुलाया शिकायत के अनुसार, मार्च 2025 में बिजेंद्र की तैनाती गोवा में थी। उसने फोन कर पीड़िता से कहा कि उसे चोट लग गई है और उसे उसकी देखभाल की जरूरत है। उसकी बातों पर विश्वास करके पीड़िता गोवा पहुंची। आरोप है कि वहां आरोपी ने उसे एक होटल में कई दिनों तक रखा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब भी वह आरोपी से शादी की तारीख तय करने को कहती, वह कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता था। होटल में 3 दिन तक रखा, शादी का फिर दिया भरोसा पीड़िता के अनुसार, 28 मई 2026 को आरोपी ने दोबारा उससे संपर्क किया। उसने बताया कि वह नेवी से छुट्टी लेकर आया है और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मौजूद है। आरोपी ने शादी के सिलसिले में जरूरी बात करने के लिए उसे दिल्ली बुलाया। पीड़िता पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां से आरोपी उसे दरियागंज स्थित एक होटल में ले गया। आरोप है कि वहां उसने 28, 29 और 30 मई तक तीन दिनों तक पीड़िता को रोके रखा और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने की बात बताई तो शादी से इनकार किया पीड़िता ने शिकायत में बताया कि एक महीने बाद उसने आरोपी को फोन कर बताया कि वह तीन महीने की गर्भवती है और उसके बच्चे की मां बनने वाली है। इसके बाद आरोपी के व्यवहार में बदलाव आ गया। उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और तुरंत गर्भपात कराने का दबाव बनाने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकी दी कि अगर उसने दोबारा उसे या उसके परिवार को फोन किया तो वह उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी ने उसका फोन नंबर ब्लॉक कर दिया। चचेरी बहनों से पता चला- हरियाणा पुलिसकर्मी से रिश्ता तय पीड़िता के मुताबिक, मामले की सच्चाई जानने के लिए उसने आरोपी की चचेरी बहनों से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि आरोपी के परिवार ने उसकी शादी हरियाणा पुलिस में कार्यरत एक अन्य लड़की से तय कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया, उसे गर्भवती किया और अब जिम्मेदारी लेने के बजाय उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है।
नेवी अफसर पर रेप की FIR:पानीपत की डांस टीचर से टिकटॉक पर मुलाकात, दिल्ली-गोवा में रेप, गर्भवती होने पर शादी से इनकार किया