पानीपत के काबड़ी रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम के दौरान 58 वर्षीय अधेड़ मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हालत बिगड़ने और आंत फटने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सटहू राय (58) के रूप में हुई है। परिजनों और साथी श्रमिकों का आरोप है कि फैक्ट्री मालिक ने समय पर इलाज का खर्च उठाने से इनकार कर दिया। जिसके चलते मजदूर को सही समय पर बेहतर इलाज नहीं मिल सका। ड्रम उठाते समय बिगड़ी हालत प्राप्त जानकारी के अनुसार, सटहू राय काबड़ी रोड स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। वे फैक्ट्री में केमिकल से लदा एक भारी-भरकम ड्रम उठा रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद साथ काम कर रहे साथी श्रमिक उन्हें आनन-फानन में पास के एक निजी अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने बताई आंत फटने की बात निजी अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि भारी वजन उठाने या अंदरूनी खिंचाव के कारण मजदूर की आंत फट गई है और उनका तुरंत इलाज शुरू करना होगा। हालांकि, निजी अस्पताल में इलाज का खर्च काफी अधिक बताया गया। मालिक पर इलाज का खर्च न देने का आरोप इलाज का भारी-भरकम खर्च सुनकर साथी श्रमिकों और परिजनों ने कच्चा काबड़ी फाटक स्थित CSR कंपनी के मालिक से संपर्क किया और घटना की जानकारी देते हुए आर्थिक मदद की गुहार लगाई। परिजनों का गंभीर आरोप है कि फैक्ट्री मालिक ने मजदूर के इलाज का खर्चा देने से साफ मना कर दिया। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया मालिक के इनकार के बाद परिजन और श्रमिक मरीज को तुरंत पानीपत के सरकारी सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद सटहू राय को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर पंचनामा भरा और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पानीपत में केमिकल ड्रम उठाते अधेड़ की फटी आंत, मौत:परिजन बोले- फैक्ट्री मालिक से मांगी थी मदद; खर्च देने से किया इनकार