फरीदाबाद जिले के पन्हेड़ा कलां गांव स्थित शराब के ठेके पर मुफ्त में शराब देने से मना करना दो सेल्समैनों को भारी पड़ गया। आरोप है कि शराब लेने पहुंचे दो युवकों ने पहले मुफ्त में शराब की बोतल मांगी। सेल्समैनों के मना करने पर दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए। कुछ देर बाद दोनों दर्जनभर युवकों को साथ लेकर ठेके पर पहुंचे और दोनों सेल्समैनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों सेल्समैन घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद छांयसा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। फ्री शराब देने से इनकार, लौटे युवक शराब ठेके के मालिक राजेश ने बताया कि पन्हेड़ा कलां में उनके ठेके पर सुरेंद्र और सानू सेल्समैन के रूप में काम करते हैं। मंगलवार रात दो युवक शराब लेने के लिए ठेके पर पहुंचे। दोनों ने खुद को पन्हेड़ा कलां गांव का रहने वाला बताया और मुफ्त में शराब की बोतल देने की मांग की। सेल्समैनों ने बिना पैसे दिए शराब देने से साफ मना कर दिया। इसके बाद दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए। दर्जनभर युवकों के साथ पहुंचे और शुरू कर दी मारपीट आरोप है कि कुछ समय बाद दोनों युवक अपने करीब दर्जनभर साथियों के साथ दोबारा ठेके पर पहुंचे। उनके हाथों में लाठी-डंडे थे। ठेके पर पहुंचते ही युवकों ने सुरेंद्र और सानू के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने दोनों के सिर पर डंडों से वार किए। मारपीट में दोनों घायल हो गए। सानू के सिर में गंभीर चोट लगी और उसे 14 टांके आए हैं। बीच-बचाव करने पहुंचे सुरेंद्र को भी आरोपियों ने पीट दिया। पुलिस बोलीं- पूरे पैसे नहीं देने पर हुआ विवाद घायल सानू ने बताया कि दोनों युवक पहले मुफ्त में शराब मांग रहे थे। जब उन्होंने शराब देने से मना किया, तो दोनों ने विवाद शुरू कर दिया और बाद में अपने साथियों को बुलाकर हमला कर दिया। छांयसा थाना प्रभारी गोपाल दास ने बताया कि दो युवक शराब के ठेके पर पहुंचे थे और शराब की पूरी कीमत नहीं दे रहे थे। सेल्समैन ने बिना पूरे पैसे लिए शराब देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर सेल्समैनों से मारपीट की। पुलिस को शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।
फ्री शराब ना देने पर सेल्समैनों को डंडाें से पीटा:फरीदाबाद में ठेके पर पहुंचे दो युवक; विवाद होने पर साथी बुलाए
Editorial Attribution: Originally reported by हरियाणा | दैनिक भास्कर. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.