फाजिल्का में कैंट रोड स्थित एक घर में आज दोपहर देह व्यापार का धंधा चलने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रेड की। इस दौरान पुलिस टीम ने घर से 2 महिलाओं सहित 3लोगों को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई। मोहल्ला निवासियों का आरोप है कि इस घर में काफी समय से गलत काम चल रहा है। उनका कहना है कि घर में आने-जाने के लिए आगे और पीछे दो रास्ते हैं। आरोप है कि पुलिस की रेड की भनक लगते ही वहां मौजूद लड़कियां पीछे के रास्ते से निकल जाती हैं। मोहल्ला निवासियों ने पुलिस से इस गतिविधि को बंद करवाने की मांग की है। पहले भी पकड़ी जा चुकी एक महिला लोगों के मुताबिक इससे पहले भी इस संबंध में शिकायतें की गई थीं और एक महिला को पुलिस ने पकड़ा था। लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद दोबारा इसी तरह की गतिविधियां शुरू हो गईं। जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट: पुलिस वहीं, सिटी थाना प्रभारी प्रमिला ने बताया कि पुलिस को कैंट रोड स्थित उक्त घर में देह व्यापार चलने की शिकायत मिली थी। पुलिस टीम ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि फिलहाल पूरे मामले की जांच और वेरिफिकेशन की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले को लेकर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
फाजिल्का में देह व्यापार के अड्डे पर पुलिस की रेड:2 महिलाओं सहित 3 हिरासत में लिए; लोग बोले-घर में चल रहा गलत काम