हरियाणा के करनाल में एक जानकार युवक पर शादी का झांसा देकर ब्यूटीशियन से रेप करने का आरोप लगा है। युवती का आरोप है कि युवक ने सुसाइड करने की धमकी देकर उसे मिलने के लिए होटल में बुलाया। इस दौरान उसने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद इन्हीं के जरिए ब्लैकमेल कर उसके साथ बार-बार रेप करता रहा। जब युवती के परिवार के लोग आरोपी के घर पहुंचे तो आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी ने युवती को फोन कर धमकी दी कि आज तो जिंदा बच गए, अगली बार अर्थी जाएगी। कुंजपुरा थाना पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… शामली के युवक से होती थी बात युवती ने करनाल SP को दी शिकायत में बताया कि वह करनाल की एक कॉलोनी की रहने वाली है और कुंजपुरा के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। करीब एक साल पहले यूपी के शामली का रहने वाला विशु उसके घर आया था। वहीं दोनों की पहली मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। विशु ने कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है। उसने कई बार उसे समझाया, लेकिन वह लगातार उसके पीछे पड़ा रहा। 5 मार्च को पहली बार होटल ले गया युवती के मुताबिक, 5 मार्च को विशु ने उसे आत्महत्या करने की धमकी देते हुए कहा कि अगर वह उससे नहीं मिली तो वह मर जाएगा। इसके बाद 7 मार्च को सुबह करीब 10 बजे उससे मिली। विशु उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर पुराने बस स्टैंड, करनाल के सामने एक होटल में ले गया। वहां शादी का वादा करके उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए और उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी बना लिए। परिवार को आपत्तिजनक वीडियो भेजने की बात की युवती ने बताया कि उसने कई बार विशु से अपने माता-पिता से शादी की बात करने के लिए कहा, लेकिन वह आज-कल करता रहा। विशु ने धमकी दी कि यदि वह मिलने नहीं आई तो 7 मार्च की आपत्तिजनक वीडियो उसके परिवार को भेज देगा। वह अपने घर पर शादी की बात कर चुका है और जल्द ही परिवार वाले रिश्ता लेकर आएंगे। मानसिक दबाव बनाकर विशु 25 अप्रैल को फिर उसी होटल में ले गया। वहां भी शारीरिक संबंध बनाए। 29 अगस्त को शादी करने से इनकार किया युवती ने बताया कि 30 जून को विशु उसे फिर उसी होटल में ले गया। इसके बाद भी आरोपी ने अपने घर में शादी की बात नहीं की। वह कहता रहा कि अगर उसके माता-पिता नहीं माने तो दोनों भागकर शादी कर लेंगे। 29 अगस्त की रात करीब 10 बजे विशु उसे कुंजपुरा बस स्टैंड से मोटरसाइकिल पर बैठाकर उसी होटल ले गया। विशु ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया। होटल में शारीरिक संबंध बनाने के बाद शादी से इनकार कर दिया। थाने में दी शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई युवती ने बताया कि आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा। उसने कल अपने परिवार को पूरी बात बता दी। इसके बाद उसके परिवार ने थाना कुंजपुरा में शिकायत दी। उस शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। न एफआईआर दर्ज की गई, न न्यायाधीश के सामने उसके बयान करवाए गए और न ही उसका मेडिकल कराया गया। उसने डर के कारण शिकायत की थी, क्योंकि उसे अपनी जान का खतरा था। परिवार को धमकी- सभी की अर्थी जाएगी शिकायत के अनुसार, शिकायत देने के बाद विशु के पिता ने उसके परिवार को अपने घर बुलाया। परिवार के लोग वहां पहुंचे तो आरोप है कि आरोपी और उसके मामा प्रमोद ने युवती की दोनों बड़ी बहनों, भाई और जीजा के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। परिवार के लोग किसी तरह वहां से जान बचाकर अपने घर पहुंचे। फिर फोन कर धमकी दी कि उस दिन तो वे जिंदा बचकर चले गए, वरना सभी की अर्थी जाती। विशु ने परिवार को मानहानि का मुकदमा करने और एक करोड़ रुपए का जुर्माना लगवाने की धमकी दी।
ब्यूटीशियन से सुसाइड की धमकी देकर रेप:करनाल के होटल में अश्लील VIDEO रिकॉर्ड किया, परिवार से बोला- घर आए तो अर्थी जाएगी