Chandigarh Daily 16°C Clear AQI 58 Nifty 25,030.35 +2.01% Sensex 81,028.02 +2.17% Bank Nifty 59,086.00 +2.27% USD-INR 93.91 -0.59% Gold ₹/10g ₹123,032 -0.94% Silver ₹/kg ₹156,827 -0.83% Crude \$ 90.83 +0.34% New Zealand A v India A 363/5 *ISTLive

यमुनानगर में दो बाइकों की भिड़ंत, युवक की मौत:घर लौटते वक्त हादसा, तीन बच्चों के पिता; राइडर फरार

यमुनानगर जिले के बुड़िया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बाइक ने दूसरी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए यमुनानगर के प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पहचान भीलपुरा निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है। वह तीन बच्चों का पिता था। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपी बाइक राइडर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भाई पीछे-पीछे दूसरी बाइक पर आ रहा था बुडिया थाना पुलिस को दी शिकायत में भीलपुरा निवासी संजय कुमार ने बताया कि वह गांव नथनपुर में बिजली की दुकान चलाता है। उसके चार भाई हैं और वह सबसे छोटा है। उसका भाई संदीप कुमार भी परिवार के साथ भीलपुरा में रहता था। संदीप के दो बेटियां और एक बेटा हैं। संजय के मुताबिक बीती रात उसका भाई संदीप मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव नथनपुर से अपने घर भीलपुरा जा रहा था। वह भी अपनी मोटरसाइकिल से उसके पीछे-पीछे घर लौट रहा था। जब दोनों गांव लक्कड़ के पास पहुंचे, तो सामने से तेज रफ्तार में आई एक मोटरसाइकिल ने संदीप की बाइक को दाहिनी तरफ से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संदीप मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद दूसरी मोटरसाइकिल का राइडर बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस संजय ने बताया कि उसने किसी वाहन की व्यवस्था कर घायल संदीप को तुरंत यमुनानगर के प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बुड़िया थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का निरीक्षण किया। जांच अधिकारी एएसआई राधेश्याम ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत तथा डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी अज्ञात बाइक राइडर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी बाइक राइडर की पहचान और हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वहीं शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है।