Chandigarh Daily 25°C Clear AQI 68 Nifty 22,421.95 -0.88% Sensex 71,909.70 -0.79% Bank Nifty 54,450.75 -0.33% USD-INR 96.30 -0.01% Gold ₹/10g ₹128,869 -0.95% Silver ₹/kg ₹187,052 -1.24% Crude \$ 91.11 -1.90% Jammu & Kashmir 89/3 & 278/10 * v Rest of India 237/10 & 319/10 ISTLive

लड़की की FB पर कमेंट, नाबालिग को नंगाकर पीटा,VIDEO:पानीपत में CIA कर्मी बता घर में घुसे, हाथ जुड़वाए; पुलिसवाले बोले-ऐसे पीटने से कुछ नहीं होता

पानीपत में फेसबुक पोस्ट को लेकर 17 साल के किशोर को नंगा करके पीटा गया। उसके परिवार का आरोप है- कुछ लड़कों ने खुद को पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) कर्मी बताकर बड़े बेटे से घर की लोकेशन ली और उसके बाद जबरन घर में घुस गए। परिवार के मुताबिक, घर में घुसते ही उन लड़कों ने छोटे बेटे के कपड़े उतरवाकर उसे अपमानित किया। वीडियो बनाकर उससे हाथ जुड़वाकर माफी मंगवाई और उसके बाद वो वीडियो बेटे के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कर दिया। बताया जा रहा है कि ये पूरा विवाद फेसबुक पर एक लड़की की फोटो पर कमेंट करने से शुरू हुआ। पीड़ित ने कहा- आरोपियों के जाने के बाद हम पानीपत में किला पुलिस थाने गए। वहां पुलिसवाले बोले कि लड़ाई-वड़ाई में कुछ नहीं रखा। बच्चा नंगा ही घूमता रहता है, नंगा ही पैदा हुआ है, नंगा ही जाएगा। नंगा करके पीटा है तो कुछ नहीं होगा। इसके बाद वह एसपी से मिले तो उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस बीच किशोर की मां ने पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। DSP हेडक्वार्टर विकास कुमार ने बताया कि पुलिस एक्शन ले रही है। यहां सिलसिलेवार पढ़िए पूरा मामला… फेसबुक कमेंट से शुरू हुआ विवाद: घटना 5 सितंबर को पानीपत के विकास नगर एरिया में हुई। यहां फेसबुक पर किसी लड़की की फोटो या आईडी पर कमेंट करने को लेकर नाबालिग की आरोपियों से कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में आरोपियों ने उसके भाई को फोन किया। खुद को पानीपत पुलिस की CIA टीम का अधिकारी बताकर दबाव बनाया और झांसे में लेकर उसकी करंट लोकेशन मंगा ली। लोकेशन मिलते ही घर पहुंचे आरोपी: नाबालिग की लोकेशन मिलते ही आरोपी उसके घर पहुंच गए। घर में घुसते ही गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। परिवार का आरोप है कि युवकों ने उसके कपड़े उतरवा दिए और उसे पूरी तरह नंगा कर दिया। इसके बाद उसके इंस्टाग्राम अकाउंट की आईडी, पासवर्ड ले लिया। हाथ जुड़वाकर माफी मंगवाई, वीडियो बनाया: आरोपियों ने नाबालिग के हाथ जुड़वाकर माफी मंगवाई और लात-घूंसों से उसकी पिटाई की। इस दौरान मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बनाया। बाद में आरोपियों ने वीडियो को नाबालिग की ही इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट कर दिया। पीड़ित किशोर की जुबानी, मारपीट की पूरी कहारी पीड़ित किशोर ने बताया कि हमारे पास एक अननोन नंबर से फोन आया था। कहा कि हम CIA वाले हैं, अपनी लोकेशन भेजो। जब हमने बोला “आप कौन से स्टाफ से हो? हमें आपका स्टाफ बताओ”, तो वो बोले “बहस मत करो, हमें केवल अपनी लोकेशन भेजो। हमने पूछा कि “बात भी तो होगी कुछ?” इसके बाद धमकाते हुए कहा कि चुपचाप लोकेशन बताओ। इसके बाद हमने अपनी लोकेशन भेज दी। इसके बाद तीन लोग घर आ गए, जिनमें दो आदमी और एक औरत शामिल थी। आते ही मेरे बड़े भाई से पूछा कि तेरा छोटा भाई कहां है? इसके बाद जैसे ही भाई ने मेरी ओर इशारा किया, तीनों ने बिना पूछे मुझे मारना पीटना शुरू कर दिया। मेरे घरवालों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन तीनों ने धमकी दी कि तुम साइड हट जाओ, वरना तुमको भी पीटेंगे। फिर मेरे भाई ने पूछा “क्यों मार रहे हो उसको? इस पर तीनों ने उसके साथ भी मारपीट की। मारपीट करते हुए मुझसे पूछा- “फोटो की स्टोरी क्यों गेरी (डाली) थी तूने?” मैंने कहा कि मेरी आईडी तो हैक हो रखी है जी। 17 जून से हैक हो रखी है। इस पर महिला बोली कि ज्यादा झूठ मत बोल। इसके बाद एक आदमी मुझे कमरे में ले गया और कुंडी बंद करके खूब पीटा। परिवार वाले कुंडी खुलवाने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद तीनों ने मुझे ढाई-तीन घंटे नंगा करके खूब पीटा। मां बोलीं- परिवार 2 दिन से सहमा हुआ नाबालिग की मां का कहना है कि हमारा परिवार 2 दिन से सहमा हुआ है। घटना के बाद मैंने पड़ोस में रहने वाली एक लेडी एडवोकेट को सारी बातें बताईं। इसके बाद उनके माध्यम से हम 7 सितंबर को एसपी से मिले। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना के दिन महिला समेत सात-आठ लोग आए थे। हमारी थाने में भी सुनवाई नहीं हुई। पुलिसवालों ने बोला है कि बच्चा है, छोटा है, इन पंगों में मत पड़ो। इसके बाद हम एसपी से मिले, उन्होंने आश्वासन दिया है कि कार्रवाई कराएंगे। DSP बोले- कड़ा एक्शन लिया जा रहा DSP हेडक्वार्टर विकास कुमार ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। इस पर कड़ा एक्शन लिया जा रहा है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उनकी पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा।