लुधियाना में कुत्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कुछ युवकों ने केक लेने गई युवती के साथ बदसलूकी की। इतना ही नहीं मौके पर पहुंचे उसके पिता और भाई पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने कुल 6 राउंड फायर किए, जिनमें से दो हवाई फायर थे। गोली लगने से पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए। घायल वंश (22) ने बताया कि बुधवार को उनके पापा प्रिंस का जन्मदिन था। उनकी बहन सिविल सिटी इलाके में केक लेने गई थी। वहां एक युवक कुत्ता घुमा रहा था। बहन ने सामान्य तौर पर पूछ लिया कि कुत्ता काटता तो नहीं है। इसी बात पर युवक भड़क गया। उसने बहन के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। पिता-भाई को बुलाया तो बंदूक निकाल ली लड़की ने तुरंत अपने पिता और भाई को फोन कर बुला लिया। बाप-बेटे वहां पहुंचे और युवक से बदसलूकी का कारण पूछा, जिससे बहस बढ़ गई। इसी बीच आरोपियों में से एक युवक दौड़कर अपने घर गया और बंदूक निकाल लाया। उसने वापस आते ही फायरिंग शुरू कर दी। दोनों के बाएं पैर में लगी गोली पीड़ित ने बताया कि मौके पर कुल 6 राउंड फायर किए गए। दहशत फैलाने के लिए 2 हवाई फायर किए गए, जबकि बाकी गोलियां सीधे बाप-बेटे को निशाना बनाकर दागी गईं। हमले में पिता और पुत्र दोनों की बाईं टांग में गोली लगी है। बेटे की टांग से गोली आर-पार हो गई है। हमले के दौरान उसकी बाजू में भी गंभीर चोट आई है, जहां 9 टांके लगे हैं। वहीं, पिता की हालत गंभीर है, क्योंकि गोली उनके पैर में ही फंसी हुई है। घायलों को लगी गोली, पुलिस को खबर नहीं SHO हैबोवाल जसबीर सिंह ने बताया कि मामला उनके ध्यान में जरूर है। जांच चल रही है, लेकिन अभी तक गोली चलने की कोई सूचना उनके पास नहीं है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरा मामला साफ हो पाएगा।
लुधियाना में बाप-बेटे को मारी गोली:बहन ने पूछा- कुत्ता काटता तो नहीं, भड़के युवकों ने बदसलूकी की; 2 हवाई फायर किए