जालंधर के शाहकोट में श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर पंजाब सरकार द्वारा एक शानदार मेगा ड्रोन शो का आयोजन किया गया। इस शो में 500 सिंक्रोनाइज्ड ड्रोन ने आसमान में गुरु साहिब के जीवन, दर्शन और अमर उपदेशों की मनमोहक आकृतियां बनाकर हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्यभर में आयोजित किए जा रहे 92 ड्रोन शो की श्रृंखला का यह जालंधर जिले में तीसरा सफल आयोजन था, जिसका मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को गुरु रविदास जी के समानता, करुणा और सार्वभौमिक भाईचारे के संदेश से जोड़ना है।
हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने अत्याधुनिक संगम का आनंद लिया शाहकोट में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने अत्याधुनिक तकनीक और आस्था के इस अनोखे संगम का आनंद लिया। रात के अंधेरे में एक साथ उड़े 500 ड्रोन ने गुरु रविदास जी के पवित्र विचारों, सामाजिक समानता, ईमानदारी की कमाई और आपसी प्रेम के शास्कत संदेशों को आसमान में जीवंत कर दिया।
पंजाब सरकार गुरु साहिब के विचारों को जन-जन तक पहुंचा रही कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे हल्का इंचार्ज पिंदर सिंह पंडोरी ने कहा कि पंजाब सरकार गुरु साहिब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आधुनिक ड्रोन तकनीक का यह प्रयोग युवा पीढ़ी को हमारे महान इतिहास और गुरु रविदास जी के सर्वसाझा दर्शन से जोड़ने की एक सराहनीय और अनूठी पहल है।
पूरे प्रदेश में कुल 92 ड्रोन शो आयोजित करने की योजना बनाई गई पिंदर सिंह पंडोरी ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में कुल 92 ड्रोन शो आयोजित करने की योजना बनाई गई है। इनमें से जालंधर जिले में आयोजित यह तीसरा शो था, जिसने तकनीक के माध्यम से गुरु साहिब के दिव्य इतिहास और महान सोच को संगतों के और करीब ला दिया है। ड्रोन शो के मुख्य प्रदर्शन से पहले प्रसिद्ध रागी जत्थों द्वारा संगीतमय और रसमय गुरबाणी कीर्तन का गायन किया गया। गुरबाणी के मधुर गायन ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति भाव से सराबोर कर दिया, जिसका संगतों ने निहाल होकर आनंद लिया।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद इस भव्य आयोजन में एसडीएम शाहकोट आदित्य गुप्ता, तहसीलदार शाहकोट जसपाल सिंह बाजवा, नायब तहसीलदार लोहियां बलजिंदर सिंह, हरजिंदर सिंह सीचेवाल, जसवीर सिंह जलालपुर और इंफोटेक की निदेशक रंजीत कौर कक्कड़कलां सहित कई प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी व स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। हल्का इंचार्ज ने इस ऐतिहासिक समागम में भारी संख्या में शामिल होकर गुरु साहिब के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए समस्त क्षेत्रवासियों और संगतों का सहदय धन्यवाद किया।
शाहकोट में ड्रोन के शानदार शो से जगमगाया आसमान:650वें प्रकाश पर्व पर 500 ड्रोन के शानदार शो,पंजाब सरकार ने दी अनोखी श्रद्धांजलि
Editorial Attribution: Originally reported by पंजाब | दैनिक भास्कर. Curated and contextualized by the Chandigarh Daily news desk.