Chandigarh Daily 20°C Clear AQI 63 Nifty 22,811.35 -0.34% Sensex 73,709.69 -0.19% Bank Nifty 54,976.90 -0.92% USD-INR 94.45 -0.34% Gold ₹/10g ₹126,184 +0.31% Silver ₹/kg ₹175,836 -0.16% Crude \$ 97.09 -0.75% India Women v Zimbabwe WomenISTLive

सोनीपत STF की कमान अब इंस्पेक्टर अजय धनखड़ के हाथ:22 एनकाउंटर और 7 मोस्ट वांटेड पकड़ने का रिकॉर्ड; गैंगस्टरों पर पैनी नजर

सोनीपत में गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को और धार देने के लिए हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स यानी STF की कमान अब ऐसे पुलिस अधिकारी को सौंपी गई है, जिसे अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाने और कुख्यात बदमाशों की धरपकड़ का लंबा अनुभव है। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सोनीपत यूनिट के प्रभारी रहे इंस्पेक्टर अजय धनखड़ ने अब हरियाणा STF सोनीपत के इंचार्ज का कार्यभार संभाल लिया है। अजय धनखड़ करीब चार साल तक एंटी गैंगस्टर यूनिट के प्रभारी भी रह चुके हैं। डीजी स्तर तक हो चुके सम्मानित इस दौरान उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर कई कुख्यात अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की। उनके पुलिस करियर में अब तक 22 एनकाउंटर और सात मोस्ट वांटेड बदमाशों को पकड़ने का रिकॉर्ड बताया जा रहा है। पुलिस सेवा में उनके काम को देखते हुए उन्हें डीजी स्तर से लेकर जिला स्तर तक कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है। ऐसे में STF सोनीपत की नई जिम्मेदारी उनके लिए जहां बड़ी चुनौती है, वहीं अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के उनके अनुभव को देखते हुए यह तैनाती अहम मानी जा रही है। 2010 में सब इंस्पेक्टर बनकर शुरू किया सफर अजय धनखड़ मूल रूप से रोहतक जिले के हुमायूंपुर गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने साल 2010 में हरियाणा पुलिस में बतौर सब इंस्पेक्टर ज्वाइन किया था। पुलिस सेवा में शुरुआती प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी कार्यशैली और प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिला। इसके बाद वह इंस्पेक्टर बने और हरियाणा पुलिस में अलग-अलग स्थानों पर अपनी सेवाएं देते रहे। चार साल तक संभाली एंटी गैंगस्टर यूनिट की कमान पुलिस सेवा के दौरान अजय धनखड़ को एंटी गैंगस्टर यूनिट में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली। करीब चार साल तक यूनिट के इंचार्ज रहते हुए उन्होंने अपनी टीम के साथ गैंगस्टरों और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाए। इस दौरान कई बड़े बदमाश पुलिस के शिकंजे में आए। अपराधियों की धरपकड़ के साथ-साथ मुठभेड़ की कार्रवाई में भी उनकी भूमिका रही। 22 एनकाउंटर और सात मोस्ट वांटेड बदमाश अजय धनखड़ के अब तक के पुलिस कार्यकाल में 22 एनकाउंटर किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा उन्होंने सात मोस्ट वांटेड बदमाशों को पकड़ने में भी अहम भूमिका निभाई। अपराधियों के नेटवर्क, उनकी गतिविधियों और ऑपरेशन के दौरान त्वरित कार्रवाई का अनुभव अब STF की जिम्मेदारी में उनके लिए महत्वपूर्ण रहेगा। 2026 में नारकोटिक्स यूनिट की जिम्मेदारी साल 2026 में अजय धनखड़ को एंटी गैंगस्टर यूनिट के इंचार्ज पद से हटाकर हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सोनीपत यूनिट की कमान सौंपी गई थी। इस जिम्मेदारी के दौरान उन्होंने मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों के खिलाफ कार्रवाई की। अब विभाग ने उन्हें STF सोनीपत का प्रभारी बनाया है। डीजी स्तर से लेकर जिला स्तर तक सम्मान अजय धनखड़ की कार्यशैली और पुलिस सेवा में प्रदर्शन के लिए उन्हें कई बार वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें डीजी स्तर पर सम्मान मिला है। वहीं जिला स्तर पर पुलिस कमिश्नर की ओर से भी उनके कार्यों को लेकर सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त के अवसर पर उनकी टीम को भी बेहतर कार्य के लिए सम्मान मिला था। अब STF के जरिए अपराधियों पर होगी नजर STF सोनीपत की जिम्मेदारी संभालने के बाद अजय धनखड़ का कहना है कि उनके सामने गैंगस्टरों और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की चुनौती होगी। पुलिस कमिश्नर के मार्गदर्शन में टीम लगातार काम करेगी। एंटी गैंगस्टर यूनिट में लंबे समय तक काम करने और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन का अनुभव उनके लिए इस जिम्मेदारी में अहम साबित हो सकता है। STF की कमान संभालने के साथ ही अब सोनीपत में अपराध और गैंग नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई को लेकर उनकी रणनीति पर नजर रहेगी।