हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस के आरोपी राकेश कादियान उर्फ गैंगस्टर पंपू को यूपी पुलिस से एनकाउंटर का डर सता रहा है। पंपू को प्रोड्क्शन वारंट पर यूपी पुलिस के हवाले करने के मामले में सोमवार को करनाल कोर्ट में सुनवाई हुई। शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कोर्ट ने अब सुनवाई के लिए दस सितंबर की डेट तय की है। उधर, पंपू के परिवार ने भी अर्जी लगाई है। पंपू के परिवार की ओर से एडवोकेट अमन पाल ने अदालत में अर्जी लगाकर मांग की है कि यदि यूपी पुलिस राकेश को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जाती है तो उसे पूरी सुरक्षा दी जाए। जेल से यूपी ले जाने की पूरे रास्ते की वीडियोग्राफी करवाई जाए। वकील ने कहा कि परिवार को उसके एनकाउंटर की आशंका है। उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित है, क्योंकि बालियान मर्डर केस के दो आरोपियों को यूपी पुलिस पहले ही सुमित और मोहित को एनकाउंटर में ढेर कर चुकी है। दोनों हरियाणा के थे। राकेश पंपू तक कैसे पहुंची पुलिस जांच अंकित बालियान हत्याकांड में हरियाणा निवासी चार आरोपियों के नाम सामने आने के बाद पुलिस की जांच का दायरा राकेश कादियान उर्फ पंपू तक पहुंचा। पुलिस को आशंका है कि हत्या में शामिल बताए जा रहे चारों आरोपी राकेश के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। इसी कड़ी में यूपी पुलिस राकेश से पूछताछ की तैयारी कर रही है। चार आरोपियों के नाम आए, दो का एनकाउंटर पुलिस जांच में हत्या से जुड़े चार आरोपियों के नाम सामने आए थे। इनमें सुमित और मोहित का पुलिस एनकाउंटर कर चुकी है। दो आरोपी सत्यम कादियान व आर्यन संधू अभी फरार बताए जा रहे हैं। दोनों करनाल के हैं। फरार सत्यम के नाम से लगातार धमकी भरे वीडियो पोस्ट सामने आ रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों और राकेश पंपू के बीच कथित संबंधों की जांच कर रही है। पढ़िए वकील ने क्या कहा… रास्ते में सिक्योरिटी का जिम्मा पुलिस का रहे राकेश पंपू के वकील एडवोकेट अमन पाल ने अदालत में लगाई अर्जी में मांग की गई है कि यदि यूपी पुलिस राकेश को प्रोडक्शन वारंट पर करनाल जेल से लेकर जाती है, तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह पुलिस की तय हो। एक राज्य से दूसरे राज्य ले जाने के दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने की भी मांग की गई है। रास्ते में एनकाउंटर का डर वकील ने अर्जी में कहा कि राकेश को ले जाते समय रास्ते में किसी हादसे या अप्रिय घटना की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। राकेश पहले भी पुलिस कस्टडी के दौरान हमले का सामना कर चुका है। परिवार को आशंका है कि करनाल जेल से उत्तर प्रदेश ले जाते समय उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती है या एनकाउंटर भी हो सकता है। एसपी के बयान का भी दिया हवाला एडवोकेट अमन पाल ने शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के उस बयान का भी हवाला दिया है, जिसमें राकेश पंपू को प्रोडक्शन वारंट पर लाने और उसके कथित गैंग नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई थी। वकील का कहना है कि इस बयान के बाद परिवार की सुरक्षा संबंधी चिंता बढ़ गई है। वकील का दावा- हत्या में राकेश की सीधी भूमिका नहीं राकेश पंपू की ओर से उसके वकील ने दावा किया कि अंकित बालियान की हत्या में उसकी कोई सीधी भूमिका सामने नहीं आई है। वकील के मुताबिक अब तक जो जानकारी सामने आई है, उसमें हत्या के आरोपी राकेश के कथित गैंग नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं। इसी संबंध की जांच के लिए पुलिस उससे पूछताछ करना चाहती है। प्रोडक्शन वारंट मामले पर दस को सुनवाई करेगी कोर्ट शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रोडेक्शन वारंट पर लाने को लेकर की पुलिस की अर्जी पर सोमवार को कोर्ट ने सुनवाई की। कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई के लिए दस सितंबर की डेट तय की है। एसपी का कहना है कि कोर्ट में सुनवाई के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि राकेश पंपू को प्रोडक्शन वारंट पर लिया जाएगा या नहीं। करनाल जेल के पुलिस अधीक्षक लखविंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक उनके पास राकेश को लेकर कोर्ट की तरफ से कोई नोटिस या आदेश नहीं आया है। यदि यूपी पुलिस राकेश को प्रोडक्शन वारंट पर ले जाना चाहती है तो पहले कोर्ट का आदेश जेल प्रशासन के पास आएगा। इसके बाद ही नियमानुसार उसे प्रोडक्शन वारंट पर ले जाया जा सकेगा। जानिए कौन है राकेश पंपू….. कुक्की गैंग से गैंगवार, अमरजीत के चाचा की हत्या राकेश ने अमरजीत के शूटरों के साथ मिलकर कुक्की गैंगस्टर के भाई की हत्या कर दी थी। इसके बाद कुक्की के शूटर भठगांव निवासी संजीत ने साथियों के साथ मिलकर 6 जून 2017 को पानीपत में लालबत्ती के पास अमरजीत के चाचा सतबीर पहलवान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दोनों गैंग के 8 लोगों की अब तक हत्या हो चुकी है। राकेश का नाम 12 जुलाई 2017 को तहसील कैंप के फतेहपुरी चौक पर स्कॉर्पियो सवार राकेश श्योकंद की हत्या के मामले में भी सामने आया था। दूसरे जिलों और राजस्थान तक फैलाया नेटवर्क राकेश ने दूसरे जिलों में भी अपना नेटवर्क फैलाना शुरू कर दिया। वह करनाल, सोनीपत, रोहतक और राजस्थान में भी लूट और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देने लगा। धीरे-धीरे उसकी गैंग में कम उम्र के युवक शामिल होने लगे और गैंग का नेटवर्क बढ़ता चला गया। साल 2017 में गिरफ्तारी के बाद पुलिस राकेश को पानीपत से गुजरात की कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान दूसरे गैंग ने पुलिस की गाड़ी पर हमला कर दिया। हमले में राकेश की छाती में भी गोली लगी थी। जब पुलिस की बंदूक से गोली नहीं चली तो राकेश ने कहा था कि उसके हाथ खोल दिए जाएं और उसे बंदूक दे दी जाए। 16 मामले दर्ज, जमानत के बाद हुआ भगोड़ा पंपू पर हत्या, लूट, जानलेवा हमला, अपहरण, जबरन वसूली और रंगदारी मांगने समेत कई मामलों में 16 केस दर्ज हैं। साल 2020 में जमानत पर बाहर आने के बाद राकेश भगोड़ा हो गया। इसके बाद वह फिर से अपराध करने लगा। दिसंबर 2022 में पानीपत के एक कार सेल्स-पर्चेज व्यापारी से राकेश उर्फ पंपू ने विदेशी नंबर से फोन कर 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद राकेश पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया। 2023 में उसे दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। —————– यह भी पढ़ें… ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ पर हरियाणवी सिंगर की माफी:राहुल पुठी बोले-मेरा किसी गैंग से कनेक्शन नहीं; अंकित बालियान ने गाने पर एक्टिंग की थी हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर चल रहे एक ऑडियो ने हरियाणवी सिंगर राहुल पुठी और उनके परिवार की चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर ऑडियो में गैंगवार से जुड़ी बातचीत के साथ अंकित बालियान की हत्या के बाद दो और मर्डर किए जाने की बात कही जा रही है। पूरी खबर पढ़िए…
हरियाणवी सिंगर हत्याकांड-गैंगस्टर पंपू को एनकाउंटर का डर सताया:यूपी पुलिस की प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी; वकील बोले- रास्ते भर वीडियोग्राफी हो