हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक और सुराग मिला है। हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे शूटर आर्यन सिंधू और सत्यम कादियान ने वारदात से करीब दो-तीन घंटे पहले ही सिम खरीदा था। दावा है कि ये मोबाइल शॉप करनाल की है। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में तीन लड़के दुकान में खड़े नजर आ रहे हैं, बताया जा रहा है कि इनमें दो शूटर हैं। फिलहाल दोनों फरार हैं। पुलिस अब उनके नए सिम से हुए संपर्क और वारदात के बाद की उनकी मूवमेंट खंगाल रही है। इधर, गुरुवार को यूपी पुलिस ने दोनों शूटर्स पर इनाम की राशि बढ़ाकर एक-एक लाख रुपए कर दी है। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें यूपी और हरियाणा के अलावा गुजरात और अहमदाबाद तक दबिश दे रही हैं। 26 अगस्त की शाम 32 साल के सिंगर अंकित बालियान शामली में जिम करके निकले थे। तभी हमलावरों ने उन्हें घेरकर 18 राउंड फायरिंग की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंकित को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। पहले ये दो तस्वीरें देखिए:- 5 मिनट का CCTV फुटेज सामने आया नया सीसीटीवी 5 मिनट 39 सेकेंड का है। दावा है कि इसमें आर्यन नाम का शूटर ब्लैक टीशर्ट पहने नजर आ रहा है। जबकि सत्यम ब्लैक शर्ट पहने हुए है। दोनों ने दुकानदार को अपना मोबाइल देकर नए सिम को एक्टिवेट कराया। दुकानदान ने सिम एक्टिवेट करने के बाद मोबाइल लौटाया। दोनों ने इस दौरान दुकान में रखी बोतल से पानी भी पिया। इसके बाद दोनों वहां से चले गए। करनाल की दुकान से सिम खरीदा पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों शूटर्स ने वारदात से पहले करनाल जाकर एक नया सिम खरीदा था। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई कि ये वीडियो किस दुकान का है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि सिम किसके नाम पर लिया गया, उसे किस मोबाइल फोन में एक्टिवेट किया गया और किन नंबरों पर उससे बात की गई। शामली में साथियों से संपर्क किया जांच में यह भी सामने आया है कि नए सिम का इस्तेमाल करने से पहले दोनों ने अपने पुराने मोबाइल फोन बंद कर दिए थे। इसके बाद दोनों शामली पहुंचे और दूसरे साथियों से संपर्क किया। पुलिस अब करनाल से शामली तक उनकी लोकेशन और कॉल डिटेल के साथ साथ उनकी हर मूवमेंट का ब्योरा तैयार कर रही है। वारदात के बाद सिम तोड़ दिया खास बात ये है कि नया सिम वारदात के बाद कुछ समय तक एक्टिव रहा। इसके बाद फोन और सिम को नष्ट कर दिए गए। पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि आखिरी बार सिम किस लोकेशन पर एक्टिव था और उससे किन नंबरों पर संपर्क हुआ। पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले सिम का इस्तेमाल आपस में बात करने और अपनी लोकेशन छिपाने के लिए किया गया होगा। फरार सत्यम-आर्यन पर पुलिस का फोकस अंकित की हत्या के पांच दिन बाद 31 अगस्त को पुलिस ने गोगी गैंग से जुड़े इनामी बदमाश मोहित और सुमित को मुठभेड़ में मार गिराया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम था। अब पुलिस का फोकस फरार सत्यम और आर्यन पर है। सोशल मीडिया अकाउंट बंद किए फरार शूटरों की तलाश में पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों के साथ-साथ डिजिटल फुटप्रिंट भी खंगाल रही है। दोनों के सोशल मीडिया अकाउंट पुलिस की निगरानी में आने के बाद डिएक्टिवेट कर दिए गए हैं। संभावित तकनीकी लोकेशन और दूसरे डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
हरियाणवी सिंगर हत्याकांड, शूटर्स का नया VIDEO:दावा- शॉप से सिम खरीदा, 3 घंटे बाद अंकित पर बरसाईं गोलियां; सत्यम-आर्यन पर ₹1 लाख इनाम