रेवाड़ी में नौवीं क्लास के स्टूडेंट को होम वर्क न करने पर लेडी टीचर ने जमकर पीटा। उसके हाथ- टांग पर पिटाई के बाद नीले निशान पड़ गए। बच्चे का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें पेरेंट्स उसके शरीर पर पिटाई के बाद निशान दिखा रहे हैं। उसकी टांगों पर और हाथ पर करीब 10 निशान बने हैं। परिजनों का कहना है- बच्चा बीमारी के चलते करीब 15 दिन की छुट्टी पर था। छुट्टी के बाद जब वो स्कूल पहुंचा, टीचर ने होम वर्क न करने का सवाल किया। इसके बाद उसने पीटना शुरू कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। वहीं, बच्चे की मां कौसली क्षेत्र के एक गांव की सरपंच हैं। नोटबुक देख लेडी टीचर ने पीटा घटना कौसली के यदुवंशी स्कूल में हुई। यहां सोमवार को बीमारी के 15 दिन बाद नौवीं का एक छात्र स्कूल गया था। क्लास में आते ही लेडी टीचर ने उसे होम वर्क दिखाने को कहा। छात्र ने कहा, मैम होम वर्क नहीं हुआ है। परिजनों के अनुसार, इतना सुनते ही टीचर ने बच्चे की पिटाई शुरू कर दी। जिससे उसके शरीर पर चोट के गहरे निशान बन गए। पिटाई के बाद बच्चा बुरी तरह घबराया हुआ है। उसे मानसिक रूप से भी काफी परेशानी हुई। 15 दिन से बुखार, 4 किलो वजन घटा परिजनों का कहना है कि बेटे को वायरल फीवर हो गया था। जिसके बाद उसका लगातार इलाज चल रहा था। जिस कारण वो अपनी पढ़ाई पर भी ध्यान नहीं दे पाया। इस बीमारी में उसका 4 किलो वजन भी कम हो गया। परिजन बोले- पुलिस ने कार्रवाई नहीं की मयंक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस में शिकायत देने के बाद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, SHO विद्यासागर का कहना है कि छात्र के परिजनों ने शिकायत दी है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
होमवर्क न करने पर लेडी-टीचर ने सरपंच का बेटा पीटा:हाथ-पैरों पर नीले निशान; रेवाड़ी में परिजन बोले- बीमार था, 15 दिन बाद स्कूल गया