भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर देहाती पुलिस ने 2 तस्करों को काबू कर 15 पिस्तौल और 5 किलो हेरोइन बरामद की। आईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 6 सितंबर की शाम करीब 7 बजे थाना घरिंडा की पुलिस टीम को अड्डा अटारी के पास गुप्त सूचना मिली थी। सूचना थी कि दीपक सिंह निवासी रोड़ांवाला खुर्द और शुभप्रीत सिंह उर्फ शुभ निवासी वेरका-मजीठा बाईपास अवैध हथियारों व हेरोइन की खेप लेकर अटारी इलाके में घूम रहे हैं। इसके तुरंत बाद पुलिस ने अटारी-झब्बाल रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की और स्कूटी सवार दोनों आरोपियों को दबोच लिया। आईजी बॉर्डर रेंज भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार 24 वर्षीय दीपक सिंह पेशे से प्राइवेट वेल्डिंग का काम करता है। उसका गांव रोड़ांवाला खुर्द भारत-पाक सीमा पर स्थित है, जिसके ठीक सामने पाकिस्तान का गांव भानचक्क पड़ता है। दीपक सीधे तौर पर पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में था और सीमा पार से ड्रोन या अन्य माध्यमों से भेजी गई खेप रिसीव करता था। वहीं, उसका साथी शुभप्रीत सिंह हॉल गेट पर मोबाइल रिपेयर की दुकान चलाता है। शुरुआती पूछताछ के आधार पर पुलिस ने इस मॉड्यूल से जुड़े 2 अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है। आईजी भुल्लर के अनुसार, पुलिस अब पूरे नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सीमा पार से यह खेप किसने भेजी थी और पंजाब में इसे किन गैंगस्टरों या स्थानीय तस्करों तक पहुंचाया जाना था।
15 पिस्तौल और 5 किलो हेरोइन समेत 2 पकड़े एक वेल्डर तो दूसरे की मोबाइल रिपेयर की शॉप