हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में एक लाख रुपए के इनामी शार्प शूटर सत्यम का वीडियो सामने आया है। इसमें वह धमकी देते हुए सुनाई दे रहा है- आने वाले समय में भाई दो मर्डर होंगे, ठीक है। और कोई उन्हें बचा सकता हो तो बचा लेना भाई। मारेंगे तो मारेंगे भाई, छोड़ेंगे नहीं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने अंकित के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही वीडियो की सत्यता और इसे पोस्ट करने वाले की पहचान की जांच शुरू कर दी गई है। इसके लिए अंकित बालियान के 12 दोस्तों ने भी परिवार को सतर्क रहने की सलाह दी है। अंकित हत्याकांड के दो शूटरों सुमित (24) और मोहित (22) को यूपी पुलिस ने चार दिन पहले मुठभेड़ में मार गिराया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम था। वहीं, दो आरोपी सत्यम और आर्यन अब भी फरार हैं। दोनों पर एक-एक लाख रुपए का इनाम है। 26 अगस्त की शाम शामली में जिम से बाहर निकलते समय अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इंस्टाग्राम पर डाली गई 17 सेकेंड की वीडियो पोस्ट बुधवार को इंस्टाग्राम पर ‘kady.4nsatyam’ नाम की आईडी से 17 सेकेंड का एक वीडियो पोस्ट किया गया। इसमें हत्याकांड के आरोपी शूटर सत्यम की फोटो लगी है। वीडियो में उसकी आवाज में ऑडियो चल रहा है। इसमें वह कहता सुनाई दे रहा है- ‘आने वाले समय में भाई दो मर्डर होंगे, ठीक है। और कोई उन्हें बचा सकता हो तो बचा लियो भाई, मारेंगे तो मारेंगे भाई, छोड़ेंगे नहीं।’ वीडियो सामने आने के बाद पुलिस चौकन्नी हो गई। जांच में इंस्टाग्राम, स्नैपचैट समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सत्यम, आर्यन और गोगी गिरोह के नाम से 20 से अधिक अकाउंट सामने आए। इन अकाउंट से लगातार वीडियो पोस्ट किए जा रहे हैं। पुलिस सभी अकाउंट की गतिविधियों की जांच कर रही है। इन्हें संचालित करने वालों की पहचान का प्रयास कर रही है। धमकी और आगे के एक्शन पर पुलिस ने दी जानकारी… 26 अगस्त को हुई थी अंकित की हत्या 26 अगस्त की शाम 32 साल के सिंगर अंकित बालियान शामली में जिम करके निकले थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें घेरकर 18 राउंड फायरिंग की। गोली लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी बोले- जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया- बालियान परिवार की सुरक्षा में चार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। आरोपियों की कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सुमित-मोहित के एनकाउंटर को बताया हत्या उधर, गायक अंकित बालियान हत्याकांड के बाद गुरुवार शाम इंस्टाग्राम पर भोलू शाहपुरिया के नाम से बनी आईडी से एक पोस्ट सामने आई। इसमें दावा किया गया कि पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अंकित बालियान के दो आरोपी सुमित और मोहित का एनकाउंटर नहीं हुआ, बल्कि उनकी हत्या की गई है। पोस्ट के मुताबिक, दोनों भाइयों को 30 अगस्त की रात पंजाब के अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पास एक होटल से उठाया गया। बाद में शामली लाकर उनकी हत्या कर दी गई। इसमें अंकित बालियान को निर्दोष बताए जाने पर भी सवाल उठाए गए और पोस्ट के अंत में ‘गोगी भाई’ लिखा गया। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्ट की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इंस्टाग्राम आईडी वास्तव में भोलू शाहपुरिया की है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके नाम से बनाई है। इससे पहले 27 अगस्त को भी इसी नाम से अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया था कि वह पोस्ट कनाडा में बैठे चिराग और अमेरिका में बैठे मोंटी ने भोलू शाहपुरिया के नाम से की थी। अब पुलिस दोबारा सामने आई पोस्ट के स्रोत और इसे करने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए तकनीकी जांच कर रही है। ———————————— ये खबर भी पढ़ेंः- सिंगर हत्याकांड के 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर:20 राउंड गोलीबारी, हरियाणा भाग रहे थे; अंकित के पिता बोले- आधा इंसाफ मिला, आधा बाकी हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के 2 शूटरों को यूपी पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शूटर बाइक से शामली से सोनीपत (हरियाणा) की तरफ भाग रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों को घेर लिया। पढ़ें पूरी खबर…
हरियाणवी सिंगर अंकित के हत्यारोपी की धमकी-2 मर्डर और होंगे:VIDEO डालकर लिखा-कोई बचा सकता हो तो बचा ले; 12 दोस्तों ने परिवार को किया सतर्क