सोनीपत में प्रशासन को उसकी ही शक्तियां याद दिलाने के लिए अनोखा प्रदर्शन शुरू हुआ है। पुलिस से रिटायर्ड स्पेशल पुलिस ऑफिसर के साथ मिलकर लोग 21 दिन तक हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। इसके पीछे वजह भी अलग है। चौराहे पर DC नेहा सिंह, पुलिस कमिश्नर ममता सिंह और नगर निगम कमिश्नर हर्षित कुमार की फोटो वाले बोर्ड लगाए गए। फोटो के नीचे शहर की अलग-अलग समस्याएं लिखी गईं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पवन कुमार का कहना है कि इन बोर्डों का मकसद अधिकारियों को उनकी प्रशासनिक शक्तियों की याद दिलाना है। पवन कुमार का आरोप है कि रात में सिविल लाइन थाना पुलिस अधिकारियों की फोटो वाले बोर्ड उतारकर अपने साथ ले गई। अब वे पुलिस से ये बोर्ड वापस मांग रहे हैं। अगर नहीं दिए तो थाने में शिकायत दी जाएगी। वहीं जब इस मामले में सिविल लाइन थाना SHO परविंद्र सिंह से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने कॉल नहीं उठाई। 12 साल SPO रहे, अब शहर की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन पवन कुमार ने बताया कि वह 2009 में सेना से रिटायर हुए थे। इसके बाद करीब 12 साल तक हरियाणा पुलिस में स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के तौर पर काम किया। 31 जुलाई को वह SPO की सेवा से भी रिटायर हुए। फिलहाल वह आशा धाम NGO के साथ सेवा कार्यों से जुड़े हैं। उनका कहना है कि शहर की समस्याओं को लेकर कई बार अधिकारियों तक शिकायतें पहुंचाई गईं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ करने का फैसला लिया। 5 सितंबर से शुरू हुआ यह पाठ 21 दिनों तक चलेगा। सुबह 10 से 10:15 बजे और शाम 6 से 6:15 बजे तक सामूहिक पाठ किया जा रहा है। इस दौरान भगवान से प्रार्थना की जाएगी कि तीनों अधिकारियों को शहर की समस्याएं दूर करने की शक्ति मिले। अब जानिए तीनों अधिकारियों की फोटो लगाकर क्या मांगें उठाई….. 1. DC की फोटो लगाकर सड़क-ट्रैफिक से लेकर अतिक्रमण के मुद्दे उठाए पवन कुमार ने DC नेहा सिंह के पोस्टर पर शहर की सड़क, ट्रैफिक और सीवर व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उठाईं। उन्होंने कहा कि चौक-चौराहों पर रेड लाइट व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए और उनकी नियमित देखरेख हो। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की जरूरत है, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने पैदल चलने वालों के लिए रास्ते खाली कराने और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की मांग भी रखी। उनका कहना है कि सड़कों और सीवर व्यवस्था पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर समन्वय कर इन समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। 2. पुलिस कमिश्नर से नशे और देह व्यापार पर कार्रवाई की मांग पवन कुमार ने पुलिस कमिश्नर ममता सिंह के सामने शहर में नशे और अपराध से जुड़ी समस्याएं उठाईं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई कॉलोनियों में नशा बिक रहा है और पुलिस को इसकी जानकारी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही। इसके अलावा मामा-भांजा चौक से बस स्टैंड तक देह व्यापार का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि सड़क किनारे महिलाओं के खड़े रहने से समाज और बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ता है। पुलिस के पास कार्रवाई करने की शक्ति है और उसका प्रभावी इस्तेमाल कर इन समस्याओं पर नियंत्रण किया जाना चाहिए। 3. निगम कमिश्नर से कचरा और फुटपाथों पर अतिक्रमण हटाने की मांग पवन कुमार ने नगर निगम कमिश्नर हर्षित कुमार के सामने शहर की सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि शहर में जगह-जगह गंदगी और कचरा पड़ा है। कचरे से निकलने वाली जहरीली गैस और खराब वातावरण से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने नियमित सफाई व्यवस्था बेहतर कराने और कचरा जमा होने की समस्या दूर करने की मांग की। इसके साथ ही फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण हटाने और कॉलोनियों में बढ़ रही कमर्शियल गतिविधियों को लेकर व्यवस्था सुधारने की मांग रखी। उनका कहना है कि नगर निगम उपलब्ध कर्मचारियों का प्रभावी इस्तेमाल कर शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर कर सकता है। बोले- अधिकारियों का अपमान करना मकसद नहीं पवन कुमार ने कहा कि तीनों अधिकारियों की फोटो उनका अपमान करने के लिए नहीं लगाई गई थीं। तीनों अधिकारी उनके लिए आदरणीय हैं। जिस तरह हनुमान जी को उनकी शक्तियां याद दिलाई गई थीं, उसी तरह प्रशासनिक अधिकारियों के पास भी अपने-अपने विभागों में कार्रवाई करने की शक्तियां हैं। इन शक्तियों का इस्तेमाल होने पर शहर की स्थिति में सुधार हो सकता है। पवन कुमार ने आरोप लगाया कि सुभाष चौक पर लगाए गए तीनों अधिकारियों की फोटो वाले बोर्ड रात में सिविल लाइन थाना के PSI आशु राव उतारकर ले गए। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस को बोर्ड पर आपत्ति थी तो दिन में उनसे बात कर उन्हें हटाने के लिए कहा जा सकता था। अब वे पुलिस से अपने बोर्ड वापस मांग रहे हैं। निगम कमिश्नर बोले- शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई होगी नगर निगम कमिश्नर हर्षित कुमार ने कहा कि हरियाणा भर में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन चल रहा है। इसके बावजूद सोनीपत शहर में उपलब्ध कर्मचारियों के माध्यम से अतिरिक्त प्रयास कर सफाई व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। किसी भी व्यक्ति को अपने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था या अन्य समस्या को लेकर शिकायत है तो वह नगर निगम कार्यालय में लिखित शिकायत दे सकता है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित समस्या पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
अफसरों को शक्तियां याद दिलाने के लिए हनुमान चालीसा पाठ:सोनीपत में DC-CP, निगम कमिश्नर के पोस्टर लगाए; आरोप- पुलिस रात में उतार ले गई