हरियाणा के यमुनानगर में 3 सितंबर को जिम के बाहर फाइनेंसर हरभजन सिंह की हत्या के मामले में एक ऑडियो सामने आया है। 3 मिनट 22 सेकेंड के ऑडियो में शुभम पंडित, काला राणा और रोहित गोदारा ग्रुप से जुड़ा बताते हुए पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के करीबियों को धमकी दी गई है। ऑडियो में हरभजन सिंह को लेकर कहा गया, “वह दिलबाग सिंह के पास बैठकर उनके बारे में गलत बातें करता था। जो दिलबाग सिंह का साथ देगा, अगली बार 50 गोलियां मरवाऊंगा सिर के अंदर। शक्ल भी पहचान में नहीं आएगी।” हालांकि, दैनिक भास्कर इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। ऑडियो में जिन दिलबाग सिंह का जिक्र है, वह यमुनानगर से पूर्व विधायक रह चुके हैं। वह इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के समधी हैं। दिलबाग सिंह की बेटी की शादी अभय चौटाला के छोटे बेटे अर्जुन चौटाला से हुई है। पढ़िए, पूरी ऑडियो में क्या कहा गया… ऑडियो में व्यक्ति ने कहा, “जय बजरंग बली, राम-राम सभी भाइयों को। मैं शुभम पंडित, काला राणा और रोहित गोदारा ग्रुप से। मॉडल टाउन में जो हरभजन सिंह जैदी का मर्डर हुआ है, यह उसने ही करवाया है। हरभजन सिंह हमारे दुश्मन दिलबाग सिंह के पास बैठकर हमारे बारे में गलत बोलता था। वह उसके भाई राजे के साथ बैठकर गुरिंद्र के घर में अपनी महफिल सजाया करता था। हमारे बारे में गलत बातें करता था। ये सोचते थे कि हमें पता नहीं चलेगा, लेकिन हमारे पास सारी रिपोर्ट आती थी। इस कारण हरभजन सिंह को यह सजा मिली है। ये सोचते थे कि दारू पिएंगे और गलत काम करेंगे तो हमें पता नहीं चलेगा, लेकिन हमें सारी बातें पता चलती थीं। ये जो पिछले गेट से गुरिंद्र के घर लड़की को घुसाया करते थे, इसकी भी सारी जानकारी हमारे पास है। हमें सब पता है कि ये हमारे बारे में कितना गलत बोलते थे। इसी कारण इसे यह सजा दी है। मेरे भाई, जितने भी हैं ना, कान खोलकर एक बात सुन लो। हमारी लिस्ट में सभी के नाम हैं। सभी का नंबर बहुत जल्द आएगा। सभी तैयार रहना, चमत्कार सभी को मिलेगा। जो कोई दिलबाग सिंह और उसके भाई राजे का साथ दे रहा है और जो भी इनके साथ भाईचारा निभा रहा है, अच्छे तरीके से निभाना। बहुत जल्द नंबर आएगा सभी का। हमें सब पता है कि ये कितने पानी में हैं। ये दुश्मनी तो लड़ नहीं सकते। ये प्रशासन को पैसे देकर या तो हमारे भाईचारे का नुकसान करा सकते हैं या फिर हमारे मां-बाप पर नाजायज केस लगवा सकते हैं। इनमें इतनी हिम्मत नहीं कि दो हाथ से हमारे साथ दुश्मनी निभा लें। जितने भी हैं, सभी कान खोलकर एक बात सुन लो। जो इनका साथ देगा, वो ऊपर जाएगा। अबकी बार कम से कम 50 गोलियां मरवाऊंगा, सिर के अंदर। शक्ल पहचान में नहीं आएगी। सीधा भगवान के पास भेजूंगा। और एक बात और है, थोड़ा सोच-समझकर इनका साथ देना। चाहे कोई रिश्तेदार भी क्यों न हो। यह दुश्मनी लंबी चलेगी। अभी तो शुरुआत हुई है। बहुत जल्द रिजल्ट मिलेगा। आगे ऑडियो में कहा गया कि ये लोगों से ठगी करके उनकी जमीन हड़पकर यहां तक पहुंचे हैं। हमसे ज्यादा इन्हें कोई नहीं जानता। ऑडियो के अंत में कहा गया कि उनकी प्रशासन से हाथ जोड़कर रिक्वेस्ट है कि इनका पैसे लेकर साथ न दें। ये किसी के सगे नहीं हैं। हम अपनी दुश्मनी निभा रहे हैं, हमें इनके साथ अपनी दुश्मनी निभाने दो। इन लोगों ने शहर में अन्य लोगों के साथ बहुत नाजायज कर रखा है। इसी कारण इनके साथ यह दुश्मनी चल रही है। ये सोचते हैं कि हम घर में रह लेंगे और सिक्योरिटी ले लेंगे, जिससे काम चल जाएगा। लेकिन जो इनका साथ दे रहे हैं, वे सोच-समझकर साथ दें। कभी भी कुछ भी हो सकता है। इनके सगे बनने वाले सभी तैयार रहें। सभी का नंबर आएगा।”
अब जानिए कैसे हुई हरभजन सिंह की हत्या… जिम से निकलते ही हरभजन पर फायरिंग, मौके पर मौत हरभजन सिंह रोजाना की तरह गुरुवार सुबह मॉडल टाउन स्थित जिम में एक्सरसाइज करने गए थे। सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच वह जिम से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सिर में गोली लगने से हरभजन सिंह मौके पर ही गिर गए और उनकी मौत हो गई। उनके शरीर में तीन गोलियां फंसी मिलीं, जबकि कई छर्रे भी लगे थे। बेटे ने पूर्व विधायक से रिश्ते और पुरानी रंजिश का जिक्र किया हरभजन सिंह के बेटे ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि उनके पिता के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के साथ पारिवारिक संबंध थे। उन्होंने आशंका जताई थी कि पूर्व विधायक की जिन लोगों या गिरोहों से दुश्मनी चल रही है, उसी रंजिश के चलते उनके पिता को निशाना बनाया गया हो सकता है। परिवार ने शहर के एक बड़े टायर शोरूम के मालिक के साथ करीब 10 साल से चले आ रहे विवाद का भी जिक्र किया था। परिवार के मुताबिक, यह मामला अदालत में विचाराधीन है और शोरूम मालिक की ओर से पहले धमकी भी मिल चुकी थी। CCTV में बाइक सवार दो संदिग्ध दिखे, पहचान में जुटी पुलिस हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में बाइक सवार दो संदिग्ध नजर आए, जिन्होंने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। पुलिस अब उनकी पहचान करने के साथ बाइक और वारदात के बाद उनके भागने के रूट का पता लगाने में जुटी है। 2017 से चली आ रही दिलबाग-काला राणा की दुश्मनी दिलबाग सिंह और काला राणा के परिवारों की दुश्मनी की शुरुआत पुरानी पारिवारिक रंजिश से हुई। काला राणा के भाई सूर्य प्रताप और दिलबाग सिंह के परिवार के बच्चों के विवाद के बाद 2017 में सूर्य प्रताप पर हमला हुआ। इसके बाद 26 मई 2017 को दिलबाग सिंह के भाई राजेंद्र उर्फ राजा और पार्टनर संजीव गुप्ता पर फायरिंग हुई। पुलिस ने काला राणा, जोगिंद्र राणा और सूर्य प्रताप समेत अन्य पर केस दर्ज किया। अगस्त 2017 में दिलबाग सिंह के पार्टनर विकास क्वात्रा के घर भी फायरिंग हुई। 31 मार्च 2026 को दिलबाग सिंह की फैक्ट्री के बाहर करीब 10 राउंड फायरिंग हुई, जिसकी जिम्मेदारी काला राणा के भाई नोनी राणा और शिवम पंडित की ओर से लेने का दावा सामने आया। कौन है गैंगस्टर काला राणा? गैंगस्टर वीरेंद्र प्रताप उर्फ काला राणा यमुनानगर का रहने वाला है। उसका नाम हत्या, लूट, रंगदारी और फायरिंग समेत कई आपराधिक मामलों में सामने आया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ हरियाणा में 30 से ज्यादा मामले दर्ज रहे हैं। वह लॉरेंस और काला जठेड़ी के नेटवर्क से भी जुड़ा रहा है। 2017 में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के भाई पर फायरिंग के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। फिलहाल वह गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद है।
अभय चौटाला के समधी के करीबियों को धमकी:काला राणा गैंग का ऑडियो- 50 गोलियां मरवाऊंगा, शक्ल पहचान में नहीं आएगी; फाइनेंसर की हत्या हो चुकी