Chandigarh Daily 19°C Clear AQI 58 Nifty 24,536.60 +2.40% Sensex 79,310.01 +2.60% Bank Nifty 57,773.65 +3.33% USD-INR 94.47 -0.17% Gold ₹/10g ₹124,980 +1.03% Silver ₹/kg ₹158,553 -0.15% Crude \$ 90.72 +2.95% India Under-19s v Nepal Under-19sISTLive

गुरुग्राम में बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ी प्राइवेट बस:फरीदाबाद रोड पर बिजली का खंभा तोड़ा; बाल-बाल बचे सवार यात्री

गुरुग्राम से फरीदाबाद की तरफ जा रही सवारियों से भरी एक तेज रफ्तार निजी बस अचानक बेकाबू होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई। रफ्तार तेज होने के कारण बस डिवाइडर को पार करते हुए वहां लगे एक भारी-भरकम बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे खंभा पूरी तरह टूट गया। इस भीषण टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी भी सवारी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निजी बस गुरुग्राम से सवारियां लेकर फरीदाबाद की ओर रवाना हुई थी। जैसे ही बस ग्वाल पहाड़ी के पास पहुंची, अचानक उसकी गति अनियंत्रित हो गई। बस की रफ्तार बहुत तेज थी और अचानक ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू होते ही बस सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क के बीचोबीच लगा बिजली का खंभा उखड़कर गिर गया। यात्रियों में मची चीख-पुकार जैसे ही बस डिवाइडर और खंभे से टकराई, एक जोरदार आवाज आई और अंदर बैठे यात्री अचानक लगे इस झटके से सहम गए। यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर ग्वाल पहाड़ी रोड और आसपास मौजूद स्थानीय लोग व राहगीर तुरंत मदद के लिए मौके की तरफ दौड़े। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस के आपातकालीन दरवाजे और खिड़कियों की मदद से डरे-सहमे यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। बस पलटने से बची संयोग से टक्कर के बावजूद बस पलटी नहीं, वरना एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था। बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली खरोंचें आई हैं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक इलाज दे दिया गया। किसी भी यात्री के गंभीर रूप से घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। मामले की जांच में जुटी पुलिस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम की टीम मौके पर पहुंचे। बिजली का खंभा सड़क पर गिरने और बस के डिवाइडर पर फंसे होने के कारण गुरुग्राम-फरीदाबाद मार्ग पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और टूटे हुए बिजली के खंभे को सड़क के बीच से हटवाया ताकि आवागमन सुचारू हो सके। साथ ही बिजली विभाग को सूचित कर इलाके की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कराई गई ताकि गिरे हुए खंभे के तारों से किसी को करंट न लगे। पुलिस ने यात्रियों को गंतव्य तक भेजने के लिए अन्य वाहनों की व्यवस्था की।