गुरुग्राम में पीजी संचालक को डेढ़ लाख रुपए के लिए माथे में गोली मार दी गई। रिटायर्ड फौजी अमरजीत ने इस वारदात को अंजाम दिया। पीजी संचालक हेमंत कौशिक परिवार के साथ घर में मौजूद था। तभी आरोपी उधार दिए डेढ़ लाख रुपए वापस मांगने आया। हेमंत के दोस्त मेहरबान के अनुसार, आरोपी फाइनेंसर अमरजीत ने हेमंत के रूम में आते ही टेबल पर पिस्टल रख दी। हेमंत पैसे चुकाने के लिए उससे 8 दिन का टाइम मांग रहा था, मगर 2 बात करते ही उसने माथे में ही गोली मार दी। कमरे में एक कॉमन फ्रेंड के साथ हेमंत की पत्नी और बच्चे भी मौजूद थे। गोली लगते ही हेमंत जमीन पर गिर पड़ा। आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें फोर्टिस अस्पताल में रेफर कर दिया है। पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। पैसों के लेनदेन को लेकर वारदात गुरुग्राम सेक्टर-14 के आचार्यपुरी में शाम करीब 7 बजे आरोपी पीजी संचालक हेमंत के घर पहुंचा। घर के अंदर ही करीब 2 मिनट तक दोनों के बीच बातचीत हुई। हेमंत के दोस्त मेहरबान ने बताया कि उसने अमरजीत से डेढ़ लाख रुपए उधार लिए थे। यहां आते ही अमरजीत उससे पैसे मांगने लगा। मगर हेमंत के पास पैसे नहीं थे। उसने अमरजीत से कुछ दिनों का टाइम मांगा। इसके बाद तुरंत अमरजीत ने गोली मार दी। 20 परसेंट ब्याज लेता था आरोपी मेहरबान ने बताया कि करीब 2 महीने से हेमंत आरोपी को जानता था। कुछ दिनों पहले ही उसने पैसे उधार लिए थे। अब अमरजीत 20 परसेंट का ब्याज जोड़ रहा था। इतने पैसे हेमंत कहा से देता..। अभी भी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पत्नी- बच्चों के सामने गोली मारी मेहरबान के अनुसार, वारदात के दौरान एक कॉमन दोस्त ललित भी मौजूद था। उसके सामने ही पूरी घटना हुई। वहीं, कमरे में हेमंत की पत्नी और बच्चे भी थे। हेमंत किराए का काम भी करता था। परिवार में 2 लड़की, एक लड़का हेमंत अपनी पत्नी और 3 बच्चों के साथ घर के थर्ड फ्लोर पर रहते थे। उनकी मां और छोटा भाई ग्राउंड फ्लोर पर रहती थी। परिजनों का आरोप है कि भिवानी निवासी अमरजीत ने हेमंत पर गोली चलाई है। अमरजीत फौज से रिटायर्ड है। SHO बोले- दोस्त ने गोली चलाई सेक्टर- 14 थाना SHO अमित कुमार ने बताया कि हेमंत पर गोली भिवानी निवासी उसके दोस्त ने चलाई है। दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद था। बातचीत के दौरान ही ये विवाद बढ़ गया। अभी पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को पकड़ने के लिए CIA की टीम लगी हुई है।
पत्नी-बच्चों के सामने फाइनेंसर ने पीजी संचालक को गोली मारी:गुरुग्राम में उधार के ₹1.5 लाख लेने आया था; आरोपी रिटायर्ड फौजी